राजस्थान के बालोतरा में भारतमाला एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बेकाबू होकर पलटी खा गई. इस हादसे में एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं 3 लोग गंभीर घायल हो गए. पूरा घटनाक्रम जादू थाना इलाके के आसोतरा में एक्सप्रेस वे हाइवे पर हुआ.
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को बालोतरा के नाहटा अस्पताल पहुंचाया. जहां उनका उपचार चल रहा है.
जानकारी के मुताबिक स्कॉर्पियो में गुजरात के मेहसाणा जिले के थावर निवासी अशोक भाई, कमलेश भाई, अजमल (35) पुत्र गुनेशा, अजमल का भाई, हितेश भाई (32) पुत्र देवकरण भाई पटेल और अजमल का बच्चा सवार थे. जो सभी स्कॉर्पियो में सवार होकर रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे थे. इस दौरान आसोतरा के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलटी खा गई.
उछलकर सड़क किनारे गिरे मौत
हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो सवार लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे और स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए. हादसे में अजमल, उसके भाई और हितेश की मौत हो गई. वहीं अशोक, कमलेश और अजमल का बेटा गंभीर घायल हो गए. तीनों का इलाज चल रहा है.
प्रत्यक्षदर्शी अनिल कुमार ने बताया कि स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में थी. बेकाबू होकर स्कॉर्पियो पलटी खा गई और गाड़ी के सवार लोग उछलकर गाड़ी से बाहर आ गिरे. तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और अन्य तीन गंभीर घायल हो गए. घायलों को अस्पताल पहुंचाया. जहां उनका इलाज जारी है.
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और उनके परिजनों को सूचना दी है. फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल में जुटी है. प्रारंभिक तौर पर स्कॉर्पियो का बेकाबू होना ही हादसे की वजह माना जा रहा है.