scorecardresearch
 

'कुनबे का नाम डुबा दिया...', घर के सब मर्द गिरफ्तार, राहुल मीणा की मां का रो-रोकर बुरा हाल

अलवर के राजगढ़ में राहुल मीणा की गिरफ्तारी के बाद परिवार में मातम छाया है. परिजनों ने कहा कि राहुल ने परिवार का नाम डुबो दिया और उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए. घर के पुरुषों की गिरफ्तारी के बाद महिलाएं अकेली हैं. राहुल पर ऑनलाइन जुए में कर्ज होने और चोरी की योजना बनाकर दिल्ली जाने का आरोप है.

Advertisement
X
राहुल मीणा की गिरफ्तारी के बाद घर में पसरा मातम. (Photo: ITG)
राहुल मीणा की गिरफ्तारी के बाद घर में पसरा मातम. (Photo: ITG)

दिल्ली की अमर कॉलोनी में हुए खौफनाक हत्याकांड में आरोपी राहुल मीणा की गिरफ्तारी के बाद उसके घर अलवर जिले मातम पसरा हुआ है. जैसे ही इस मामले में राहुल के पकड़े जाने की खबर गांव आई. पूरे परिवार में सन्नाटा पसर गया. घर के हालात ऐसे हैं कि हर कोना दर्द और सदमे की कहानी बयां कर रहा है.

जब टीम राहुल के घर पहुंची तो घर के गेट खुले थे और अंदर का माहौल बेहद दुखद दिखाई दिया. राहुल की मां  कमरे में भूखी-प्यासी पड़ी थीं. घर के आंगन में बंधी गाय-भैंस भी बिना चारे के खड़ी थीं. घर की महिलाएं घूंघट में थीं और पानी की टंकी से पानी भरती नजर आईं. शुरुआत में परिवार के लोग कैमरे से बचते रहे, लेकिन कुछ देर बाद उन्होंने अपना दर्द साझा किया.

परिजनों ने साफ कहा कि राहुल ने उनके परिवार और कुल का नाम डुबो दिया है. उन्होंने कहा कि उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि राहुल इस तरह का अपराध कर सकता है. परिवार की महिलाओं ने बताया कि राहुल को मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलने की गंदी लत लग गई थी. वह पैसों के लिए झूठ बोलता था और अपना मोबाइल तक बेच चुका था. कई बार वह पैसों को लेकर अपने पिता से झगड़ा भी करता था.

Advertisement

गिरफ्तारी के बाद घर में पसरा मातम, सदमे में परिवार

परिवार ने कहा कि राहुल की इस आदत ने उसे गलत रास्ते पर डाल दिया. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह किसी की हत्या कर सकता है. परिजनों ने मांग की कि अगर राहुल दोषी है तो उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए.

घर की हालत यह है कि पिछले दो दिनों से चूल्हा तक नहीं जला है. घर के सभी पुरुषों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. राहुल के पिता, भाई और दोस्तों समेत कुल छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. ऐसे में घर की महिलाएं ही अकेली रह गई हैं और वे अपने दर्द को संभालने की कोशिश कर रही हैं.

राहुल की बहन ने बताया कि वह घटना वाली रात करीब 11 बजे तक गांव में ही था. इसके बाद वह घर से चला गया और फिर दिखाई नहीं दिया. बाद में जानकारी मिली कि वह योगा एक्सप्रेस ट्रेन से अलवर से दिल्ली गया था. यह ट्रेन रात करी सवा एक बजे अलवर जंक्शन पर पहुंचती है और सुबह चार बजकर पचास मिनट पर दिल्ली जंक्शन पहुंचती है.

ऑनलाइन गेम की लत और कर्ज ने बदली राहुल की जिंदगी

Advertisement

पड़ोसियों ने भी इस मामले में कुछ बातें सामने रखीं. उनका कहना है कि राहुल के पिता भी पहले दिल्ली में नौकरी करते थे, लेकिन किसी विवाद के बाद गांव लौट आए थे. उनकी तलाश में भी पुलिस कई बार गांव आ चुकी थी. अब इस मामले के बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज हो गई है.

परिजनों ने यह भी बताया कि राहुल ऑनलाइन गेम में लाखों रुपये हार चुका था. उस पर कर्ज बढ़ता जा रहा था और उसके दोस्त पैसे वापस करने का दबाव बना रहे थे. इसी दबाव में उसने चोरी करने की योजना बनाई. वह बिना किसी को बताए दिल्ली चला गया और आईआरएस अधिकारी के घर पहुंचा. उसे पहले से पता था कि घर में पैसे कहां रखे जाते हैं. इसी योजना के तहत वह दिल्ली पहुंचा, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने उसे दिल्ली के एक होटल से गिरफ्तार किया. इस पूरे मामले ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है.

दो दिन से नहीं जला चूल्हा, घर में भूखे खड़े जानवर

गांव में भी इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है. लोग इस बात से हैरान हैं कि एक साधारण परिवार का लड़का इस तरह के अपराध में कैसे शामिल हो गया. परिवार का कहना है कि राहुल शांत स्वभाव का था, लेकिन उसकी आदतों ने उसे बदल दिया. यह घटना एक परिवार के दर्द के साथ-साथ यह भी दिखाती है कि गलत आदतें किस तरह एक इंसान को बर्बादी की ओर ले जा सकती हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement