scorecardresearch
 

कूड़े में मिली 'गेंद' से खेलने लगे दो मासूम, एकदम से हुआ ब्लास्ट और...

ओडिशा के गंजाम में दो बच्चे खेलते-खेलते खतरनाक हादसे का शिकार हो गए, जब उन्होंने गेंद समझकर एक संदिग्ध वस्तु उठा ली और वह विस्फोटक निकला. धमाके में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद गांव में दहशत है और पुलिस यह जांच कर रही है कि बम वहां कैसे पहुंचा.

Advertisement
X
कूड़े में मिली 'गेंद' में ब्लास्ट (Photo: itg)
कूड़े में मिली 'गेंद' में ब्लास्ट (Photo: itg)

ओडिशा के गंजाम जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां खेल-खेल में दो मासूम बच्चे एक खतरनाक हादसे का शिकार हो गए. दरअसल इन बच्चों ने जमीन पर पड़ी एक संदिग्ध वस्तु को गेंद समझकर उससे खेलना शुरू कर दिया, लेकिन कुछ ही पलों में वह एक जोरदार धमाके के साथ फट गया. इस हादसे में एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दूसरा घायल है.

यह घटना गंजाम जिले के खजापल्ली गांव की है, जो काबिसूर्यानगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है. जानकारी के मुताबिक, 14 साल का ओम प्रकाश भुइयां और 8 साल का गणेश भुइयां गांव में खेल रहे थे. इसी दौरान उन्हें कूड़े के ढेर के पास एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी. बच्चों ने उसे गेंद समझ लिया और खेलने लगे. तभी अचानक वह वस्तु उनके हाथ में ही फट गई, जिससे तेज धमाका हुआ और पूरा इलाका दहल उठा.

विस्फोट इतना जोरदार था कि दोनों बच्चे घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. ओम प्रकाश को गंभीर चोटें आईं, जबकि पास खड़ा गणेश भी धमाके की चपेट में आ गया और उसे मामूली चोटें लगीं. धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को तत्काल इलाज के लिए कोडाला कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले जाया गया.

Advertisement

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने ओम प्रकाश की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बेरहामपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है. वहीं, गणेश की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज कोडाला सीएचसी में चल रहा है.

इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि आखिर इतना खतरनाक विस्फोटक खुले में कैसे पड़ा था और वहां तक कैसे पहुंचा. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ है कि यह कोई देसी बम था, जो कूड़े के ढेर के पास पड़ा हुआ था. बच्चों ने अनजाने में उसे उठाकर खेलना शुरू कर दिया, जिसके बाद यह हादसा हुआ. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह विस्फोटक वहां किसने और क्यों छोड़ा था. 

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement