scorecardresearch
 

अपहरण, हत्या और फिर सड़क हादसा, ओडिशा में क्राइम की पूरी फिल्म जैसी वारदात

ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में झारखंड के यूट्यूबर शिवधन लोहार की कथित तौर पर अपहरण और लूट के दौरान हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार आरोपी उनकी कार और सामान लेकर भाग रहे थे, लेकिन रास्ते में सड़क हादसे का शिकार हो गए जिसमें मुख्य आरोपी की मौत हो गई. एक आरोपी घायल है और एक नाबालिग हिरासत में लिया गया है.

Advertisement
X
युवक की अपहरण और लूट के बाद हत्या. (Photo: Representational)
युवक की अपहरण और लूट के बाद हत्या. (Photo: Representational)

ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में एक यूट्यूबर की हत्या और उसके बाद आरोपियों की दुर्घटना में मौत ने पूरे इलाके को हिला दिया है. यह घटना तब सामने आई जब झारखंड के रांची निवासी यूट्यूबर शिवधन लोहार अपने एक दोस्त के साथ अस्पताल से लौट रहे थे. पुलिस के अनुसार शिवधन लोहार और उनके दोस्त अनमोल मलिक एक रिश्तेदार को ओडिशा के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल सुंदरगढ़ में भर्ती कराने आए थे. इलाज के बाद दोनों अलग अलग वाहनों से देर रात रांची लौट रहे थे.

रास्ते में तीन बदमाशों ने पहले अनमोल मलिक की स्कॉर्पियो को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह तेज गति से वाहन चलाकर मौके से निकल गया. इसके बाद आरोपियों ने शिवधन लोहार की अल्टो कार को रोक लिया और उन्हें अगवा कर लिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी शिवधन लोहार को करीब 80 किलोमीटर दूर दुडुका इलाके में लेकर गए, जो हेमगिरि थाना क्षेत्र में आता है. यहां उन्होंने लूटपाट का प्रयास किया और इसी दौरान विवाद हो गया.

पुलिस ने बताया कि इस झड़प के दौरान आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर शिवधन लोहार की हत्या कर दी. इसके बाद उन्होंने शव को रेलवे ओवरब्रिज के पास फेंक दिया. इसके बाद आरोपी मृतक की कार, मोबाइल फोन और वॉलेट लेकर कोयला कॉरिडोर के रास्ते झारसुगुड़ा की ओर भाग निकले. पुलिस के अनुसार भागने के दौरान तेज रफ्तार वाहन भास्मा इलाके के पास अनियंत्रित हो गया और सड़क से उतर गया. इस हादसे में मुख्य आरोपी सुभेंदु की मौके पर ही मौत हो गई.

Advertisement

शव को रेलवे ओवरब्रिज के पास फेंककर आरोपी हुए फरार

वहीं एक अन्य आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसका इलाज सुंदरगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में चल रहा है. इस घटना में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है. सुंदरगढ़ की पुलिस अधीक्षक अमृतपाल कौर ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला लूट के इरादे से हत्या का प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कहा कि आरोपी वाहन लूटने की कोशिश कर रहे थे और इसी दौरान विवाद बढ़ गया.

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता अनमोल मलिक स्कॉर्पियो में आगे चल रहे थे जबकि शिवधन लोहार अल्टो कार से पीछे आ रहे थे. बदमाशों ने पहले दोनों वाहनों को लूटने की कोशिश की लेकिन अनमोल मलिक तेज गति से निकल गए. इसके बाद आरोपियों ने शिवधन लोहार की कार रोक ली और उन्हें अगवा कर लिया. लूट के दौरान हुए विवाद में हत्या की घटना हुई और फिर शव को फेंककर आरोपी वाहन लेकर भाग गए.

लूट के इरादे से हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

एसपी अमृतपाल कौर ने यह भी बताया कि मुख्य आरोपी सुभेंदु के खिलाफ पहले भी हत्या का मामला दर्ज हो चुका है, जिसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनाक्रम को क्रमवार तरीके से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. सभी आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement