ओडिशा के जाजपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें शादी से लौट रहे 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य लोग घायल हो गए. यह हादसा उस समय हुआ जब एक बोलेरो वाहन ने पीछे से एक ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई लोग अंदर फंस गए. यह घटना जेनापुर थाना क्षेत्र के तहत बारदा बेहेरा टंकी चौक के पास हुई. जानकारी के मुताबिक, सभी लोग बदाचना ब्लॉक के पुरुषोत्तमपुर सबरा साही गांव के निवासी थे. वो केओंझार में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया.
हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं 7 लोग घायल हो गए, जिनमें वाहन चालक भी शामिल है. घायलों में दो बच्चे और एक महिला भी हैं, जिनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
भीषण टक्कर में बोलेरो के उड़े परखच्चे
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गए और राहत व बचाव कार्य शुरू किया. बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. सभी घायलों को तुरंत बदाचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सड़क को खाली कराया और यातायात को सामान्य किया. इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि हादसे के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा रहा है. जांच में यह देखा जा रहा है कि कहीं तेज रफ्तार, ड्राइवर की थकान या लापरवाही इस दुर्घटना का कारण तो नहीं बनी. यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की जरूरत को याद दिलाता है, जहां एक छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.