scorecardresearch
 

श्मशान ले जाएं या कब्रिस्तान? इसी विवाद में 36 घंटे तक घर में पड़ी रही महिला की लाश

ओडिशा के नबरंगपुर में धर्म परिवर्तन को लेकर ऐसा विवाद खड़ा हुआ कि एक बुजुर्ग महिला का शव 36 घंटे तक घर में ही पड़ा रहा. अंतिम संस्कार को लेकर गांव दो हिस्सों में बंट गया है. प्रशासन और पुलिस मौके पर मौजूद हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं निकल पाया, जिससे तनाव बना हुआ है.

Advertisement
X
36 घंटे तक पड़ी रही महिला की लाश (Photo: itg)
36 घंटे तक पड़ी रही महिला की लाश (Photo: itg)

ओडिशा के नबरंगपुर जिले के रायघर थाना क्षेत्र के दुमुरिमुंडा गांव में एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार को लेकर ऐसा विवाद खड़ा हो गया, जिसने पूरे इलाके को तनाव में डाल दिया. हालात इस कदर बिगड़ गए कि महिला का शव 36 घंटे से अधिक समय तक घर पर ही पड़ा रहा और अंतिम संस्कार नहीं हो सका.

श्मशान घाट में अंतिम संस्कार रोका

मृतका की पहचान रायमती गोंड के रूप में हुई है, जिनका सोमवार को निधन हो गया था. परिजनों ने परंपरा के अनुसार गांव के श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार करने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने इसका विरोध कर दिया. उनका कहना था कि रायमती गोंड ने कुछ वर्ष पहले हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपना लिया था, इसलिए उन्हें पारंपरिक श्मशान घाट में अंतिम संस्कार की अनुमति नहीं दी जा सकती. उसे ईसाई कब्रिस्तान जाना होगा.

अंतिम संस्कार को लेकर नोंकझोंक

ग्रामीणों का तर्क था कि इस श्मशान घाट का उपयोग हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार के लिए ही होता है. ऐसे में यदि परिवार अंतिम संस्कार करना चाहता है तो उसे ईसाई परंपराओं के अनुसार किसी अन्य स्थान का चयन करना होगा. इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो धीरे-धीरे गतिरोध में बदल गई.

Advertisement

निजी जमीन पर अंतिम संस्कार से भी रोका

परिवार ने विवाद को खत्म करने के लिए निजी जमीन पर अंतिम संस्कार करने की भी कोशिश की, लेकिन वहां भी सहमति नहीं बन पाई. इस स्थिति ने शोक में डूबे परिवार की पीड़ा को और बढ़ा दिया.

मामले की सूचना मिलने पर ओडिशा पुलिस की टीम रायघर थाना क्षेत्र से मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश की. हालांकि, खबर लिखे जाने तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका था.

'अभी तक नहीं निकला समाधान'

परिवार ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग करते हुए जल्द से जल्द अंतिम संस्कार कराने की अपील की है. प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी तरह का बड़ा विवाद या तनाव न बढ़े. गांव में फिलहाल माहौल संवेदनशील बना हुआ है और लोग दो धड़ों में बंटे नजर आ रहे हैं.

 

 

 

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement