मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. विजयपुर थाना क्षेत्र के खितरपाल गांव के पास टैंटरा-विजयपुर रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, वीरपुर थाना क्षेत्र के घूघस गांव से लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर विजयपुर थाना क्षेत्र के पार्बती बड़ौदा गांव जा रहे थे. यह सभी लोग 20 अप्रैल को होने वाली शादी के लिए भात न्यौतने के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे.
घटना के समय बताया गया कि ट्रैक्टर का चालक अंधेरे और सामने से आ रही तेज रोशनी की चकाचौंध के कारण नियंत्रण खो बैठा. इसी वजह से ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई और बड़ा हादसा हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला.
अंधेरे और तेज रोशनी के कारण चालक ने खोया नियंत्रण
इसके बाद डायल 112 की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विजयपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया. पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है.
घायलों की स्थिति जानने के लिए पूर्व मंत्री रामनिवास रावत और पूर्व विधायक बाबूलाल मेवरा सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली. इस दर्दनाक हादसे में जिन चार महिलाओं की मौत हुई, उनकी पहचान घूघस निवासी सरोज पत्नी मगध गुर्जर, सुनैना पत्नी कल्ला गुर्जर, सीमा पत्नी कल्लू गुर्जर और गीता पत्नी घनश्याम गुर्जर के रूप में हुई है. सभी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी.
घायलों को डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए श्योपुर और ग्वालियर रेफर किया गया है. कई घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सतर्क है. पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों को विस्तार से समझने की कोशिश की जा रही है.