मैहर जिले में एक असिस्टेंट प्रोफेसर की करतूत के वायरल वीडियो से हड़कंप मच गया है. दरअसल सतना से रामनगर जा रही एक बस में महिला ने बगल में बैठे यात्री की गंदी हरकतों का विरोध किया है. हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी कोई आम आदमी नहीं, बल्कि अमरपाटन पीजी कॉलेज में पदस्थ असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक सिन्हा हैं.
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत और उसके पास मौजूद वीडियो साक्ष्य के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता सतना से बस में सवार हुई थी. सफर के दौरान भटनवारा के पास बगल की सीट खाली हुई, जिस पर प्रोफेसर आलोक सिन्हा आकर बैठ गए.
प्रोफेसर साहब ने पहले तो जबरन बात करने की कोशिश की और फिर अश्लील हरकतें करने लगे. हालांकि महिला डरी नहीं, बल्कि उसने बहादुरी दिखाते हुए चुपके से अपने मोबाइल फोन पर प्रोफेसर की इन हरकतों को कैद कर लिया. यही वीडियो अब इस मामले में सबसे बड़ा सबूत बन गया है.
वहीं बस जैसे ही अमरपाटन पहुंची, महिला सीधे थाने पहुंच गई. बताया जा रहा है कि पकड़े जाने के डर से प्रोफेसर ने पहले महिला को राजीनामा करने के लिए मनाया, लेकिन जब महिला नहीं मानी तो उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी तक दे डाली है.
बताया जा रहा है कि प्रोफेसर साहब हमेशा विवादों में रहते हैं. उनकी पत्नी दिल्ली में रहती है और एक बेटी है जो कनाडा में इंजीनियर है.
असिस्टेंट प्रोफेसर ने पहले प्रभारी प्राचार्य डॉ एसपी सिंह के साथ भी मारपीट की थी, जिस पर अमरपाटन थाने में एफआईआर हुई थी. इतना ही नहीं, मामले की जानकारी आयुक्त उच्च शिक्षा भोपाल मध्यप्रदेश शासन को भेजी जा चुकी है.
इनका कहना
अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर त्वरित कार्रवाई की गई है. आरोपी पीजी कॉलेज अमरपाटन के असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक सिन्हा पर केस दर्ज किया गया है.
पुलिस ने पीड़िता के पास मौजूद वीडियो रिकॉर्डिंग को साक्ष्य के तौर पर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं.