मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री और सीनियर बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय का एक बयान सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है. इंदौर विधानसभा-1 के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अगर कुछ लोग उन्हें काफिर कहते हैं, तो सरकार की बनाई सड़क और लाड़ली बहना जैसी योजनाओं का लाभ न लें.
इंदौर में कैलाश विजयवर्गीय ने एक मंच से कहा, ''यहां सड़क बन रही है. यहां हिंदू भाई भी रहते हैं और मुस्लिम भाई भी रहते हैं. कई मुस्लिम भाई हमको काफिर बोलते हैं. अगर हम काफिर हैं, तो हमने सड़क बनाई है, उस पर मत चलो. यदि हम काफिर हैं और आपके घर में लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी योजना का पैसा आ रहा है, तो मत लो.''
'वोट दें या न दें, सेवा करना ही हमारा उद्देश्य'
कैलाश विजयवर्गीय ने आगे कहा, ''हमने कभी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया. हमने कहा है सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास. यही हमारी नीति रही है. आप हमें वोट दो या नहीं दो, हमारा काम जनता की सेवा करना है. आप वोट देंगे तो ज्यादा दिल लगाकर काम करेंगे, नहीं देंगे तो भी करेंगे, लेकिन काम जरूर करेंगे.'' देखें VIDEO:-
इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने विपक्ष और अपने आलोचकों पर तीखा निशाना साधा. इस दौरान मंच से दिए गए उनके 'काफिर' वाले बयान की राजनीतिक गलियारों में जमकर चर्चा हो रही है.