scorecardresearch
 

ग्वालियर में भगवान को ढूंढ़ने के लिए बनी SIT... 5 महीने से लापता हैं 'लड्डू गोपाल', IG बोले- टीम तलाश में जुटी है

आमतौर पर SIT बड़े क्राइम के मामलों में बनती है. लेकिन ग्वालियर में एक SIT ऐसे 'लापता शख्स' को ढूंढ़ने निकली है, जो इंसान नहीं, भगवान हैं. पांच महीने पहले एक महिला के लड्डू गोपाल की प्रतिमा कहीं छूट गई थी. महिला का दावा है कि तब से घर में किसी का मन नहीं लगता, और कान्हा सपने में आकर कहते हैं कि उन्हें चोट लगी है. अब पुलिस भी उन्हें ढूंढ़ने में जुट गई है.

Advertisement
X
अब भगवान को खोजने निकलेगी ग्वालियर पुलिस. (Photo: ITG)
अब भगवान को खोजने निकलेगी ग्वालियर पुलिस. (Photo: ITG)

ग्वालियर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर लोग हैरान भी हैं और भावुक भी. यहां पांच महीने से लापता भगवान लड्डू गोपाल की प्रतिमा की तलाश के लिए पुलिस ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बना दी है. तीन थानों की पुलिस और एक सीएसपी अब उस प्रतिमा की तलाश करेंगे, जो 29 जनवरी से गायब है.

कहानी ग्वालियर के अलकापुरी में रहने वाली विजया शर्मा की है. उनके मुताबिक, 29 जनवरी को वह अपने लड्डू गोपाल को साथ लेकर महाराज बाड़ा गई थीं. इसी दौरान एक ठेले पर प्रतिमा छूट गई. जब उन्हें इसका एहसास हुआ तो उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन लड्डू गोपाल नहीं मिले.

विजया ने कोतवाली थाने में शिकायत की. पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लोगों से पूछताछ की और अपने स्तर पर तलाश भी की, लेकिन पांच महीने बाद भी प्रतिमा का कोई सुराग नहीं मिला आखिरकार विजया शर्मा ग्वालियर के आईजी अरविंद सक्सेना के पास पहुंचीं और उनसे मदद की गुहार लगाई.

आईजी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएसपी किरण अहिरवार की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित कर दी. इस टीम में तीन थानों की पुलिस शामिल होगी और पुराने सुरागों के साथ नए सिरे से जांच की जाएगी. पुलिस का कहना है कि कोशिश होगी कि प्रतिमा जल्द से जल्द बरामद हो जाए.

Advertisement

यह भी पढ़ें: स्टेशन पर मिली डोलची, पुलिस बुलाई तो अंदर निकले लड्डू गोपाल, रातभर थाने में रहे 'भगवान'

विजया शर्मा कहती हैं कि उनके लिए लड्डू गोपाल सिर्फ पूजा की मूर्ति नहीं हैं, बल्कि परिवार के सदस्य हैं. उनका कहना है कि प्रतिमा के गुम होने के बाद से घर में किसी का मन नहीं लगता. उन्होंने यह भी कहा कि लड्डू गोपाल सपने में आकर बताते हैं कि उन्हें चोट लगी है. यही वजह है कि उन्होंने ऐलान किया है कि जो भी उनके लड्डू गोपाल को ढूंढ़कर लाएगा, उसे 5 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा.

आईजी अरविंद सक्सेना का कहना है कि पहले कोतवाली पुलिस ने काफी कोशिश की थी, लेकिन सफलता नहीं मिली. अब पड़ोसी थानों को भी जांच में शामिल किया गया है, ताकि तलाश का दायरा बढ़ाया जा सके. उनके मुताबिक, पुलिस हर संभव प्रयास करेगी कि प्रतिमा बरामद हो और शिकायतकर्ता की आस्था को सम्मान मिल सके.

युवती ने कहा- घर में सब परेशान हैं, मेरे कान्हा ने मुझे सपना दिया था

विजया शर्मा ने कहा कि 29 जनवरी को मेरे लड्डू गोपाल की मूर्ति माधवगंज में एक ठेले पर छूट गई थी, तब से मैं और मेरी बहन परेशान हो रहे हैं, जब से वह गए हैं, तब से मेरे घर में कोई भोजन नहीं कर पा रहा है. मेरे कान्हा जी बहुत दुखी हैं, वह मुझे बहुत याद करते हैं. सपने में उन्होंने मुझे बताया कि उन्हें कहीं चोट लग गई है. मैं ग्वालियर वासियों से कहना चाहती हूं कि जो भी मेरे लड्डू गोपाल जी को ढूंढकर लाएगा, मैं उसे 5000 का नकद इनाम दूंगी.

Advertisement

आईजी अरविंद सक्सेना ने कहा कि विजया शर्मा नाम की युवती मुझसे मिली थीं. उनका कहना था कि जब वह 29 जनवरी को महाराज बाड़ा इलाके में गई थीं तो लड्डू गोपाल जी की प्रतिमा मिस्प्लेस हो गई. इसमें मैंने एक विशेष टीम का गठन सीएसपी किरण अहिरवार की नेतृत्व में करवा दिया है. उनसे कहा है कि वह प्रयास करें, उनकी जो प्रतिमा गुम हो गई है, वह उन्हें मिल जाए.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement