मध्य प्रदेश के गुना में एक नाबालिग लड़की (15) को ब्लैकमेल करने और धमकाने का सनसनीखेज मामला देखने को मिला है. खुद पिता के दोस्त ने ही नाबालिग लड़की को शिकार बनाने की कोशिश की. लेकिन लड़की ने हिम्मत जुटाकर चाइल्ड लाइन पर शिकायत दर्ज करा दी. शिकायत के बाद चाइल्ड लाइन की टीम ने पुलिस की मदद से लड़की को उसके घर से बरामद करने के बाद वन स्टॉप सेंटर में भर्ती कराया है.
पीड़ित लड़की ने चाइल्ड लाइन की टीम को आपबीती सुनाते हुए कहा, ''मैं अपनी छोटी बहन, पिता और दादी के साथ गुना में रहती हूं. मम्मी-पापा की लड़ाई होती थी, इसलिए 8 साल पहले वह हमें छोड़कर ग्वालियर चली गईं. पिता शराब पीने के आदी थे. उनके दोस्तों का घर पर आना जाना बना रहता था. फिरोज खान चाचा भी पापा के साथ घर पर आते थे. अंकल जब भी घर पर आते तो मुझे घूरते रहते थे .
25 दिसंबर 2025 को फिरोज चाचा, उनकी पत्नी, बच्चे, मेरे पापा, मेरी बहन और एक अंकल हम सभी लोग कोटा (राजस्थान) गए थे. फिरोज चाचा ने कोटा में अपनी पत्नी और बच्चे को छोड़ दिया और हम लोग वापस लौट आए. जब हम रास्ते में लौट रहे थे तो मैं और फिरोज चाचा गाड़ी की बीच वाली सीट पर बैठे थे. पापा और उनके दोस्त आगे वाली सीट पर. मेरी छोटी बहन पीछे वाली सीट पर अकेली बैठी थी. तभी फिरोज चाचा ने गंदी नीयत से मेरी छाती को दबाया और कमर में हाथ डाला जिससे मैं घबरा गई. मैंने पापा से बोलकर गाड़ी रुकवाई और अपनी बहन के साथ पीछे वाली सीट पर जाकर बैठ गई.
गुना पहुंचने के बाद इस घटना से मैं मानसिक तौर पर उबर नहीं पाई. पापा के दोस्त फिरोज चाचा घर पर आते तो मुझे धमकाते थे. कहते थे कि जब तू नहा रही थी, तब तेरा वीडियो बना लिया था, अगर मेरी बात नहीं मानी तो तेरा वीडियो वायरल कर दूंगा. तू कहीं की नहीं रहेगी.
फिरोज चाचा मुझ पर बार बार दबाव बनाते थे जिससे मैं बुरी तरह डर गई थी. मैं ये बात किसी को बता नहीं पा रही थी. मेरी छोटी बहन भी मेरी हालत देखकर परेशान थी. जैसे तैसे हिम्मत जुटाकर चाइल्ड लाइन पर शिकायत कर दी.''
पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने देर रात आरोपी फिरोज सलीम खान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया और रात 12 बजे FIR दर्ज की गई. पेशे से फिरोज हॉकर है जिसके दूसरी महिलाओं से भी संबंध हैं.
फिरोज अपने दोस्त की बेटी पर बुरी नजर रखा हुआ था. लेकिन बच्ची की हिम्मत ने उसके इरादों को भांप लिया और शिकायत कर दी. मामले की जानकारी हिंदू संगठनों को लगी तो उन्होंने भी पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की. देखें VIDEO:-
सिटी कोतवाली टीआई राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ BNS की धाराओं 74,77,351(2), पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है. फिलहाल बच्ची मेंटल ट्रॉमा में है जिसकी काउंसिलिंग भी चल रही है.