दतिया में चल रहे सियासी घमासान के बाद पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा शनिवार को अपने गृह नगर डबरा से राजधानी भोपाल पहुंचे. मिश्रा देर शाम CM हाउस पहुंचे, यहां उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल से मुलाकात की.
CM हाउस से बाहर निकल नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से कहा, ''सारगर्भित बात हुई बहुत अच्छी बात हुई. दतिया जीतने की बात हुई. दतिया हम जीत रहे हैं. कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि सभी धैर्य और शांति का परिचय दें. धीरे-धीरे सब ठीक हो रहा है. 13 तारीख यानी सोमवर को नामांकन में मैं निश्चित रूप से जाऊंगा .'' देखें VIDEO:-
'मुझे इस्तीफे नहीं मिले'
वहीं, बीजेपी प्रदेशाधक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा, ''दतिया उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने आशुतोष तिवारी को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है. मेरी जानकारी में आया है कि दतिया के कुछ कार्यकर्ताओं ने अपने इस्तीफे दिए हैं. हालांकि मुझे कोई भी इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ. लेकिन हमारे पार्टी नेतृत्व ने तय किया है कि सभी कार्यकर्ता वहां पर काम में लगें, इसलिए किसी के भी इस्तीफे हमने स्वीकार नहीं किए. नरोत्तम मिश्रा हमारे वरिष्ठ नेता हैं. उनके मार्गदर्शन में हम ये दतिया का चुनाव लड़ेंगे और भारी बहुमत से जीतेंगे. आज मुख्यमंत्री मोहन यादव जी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल जी, और मेरी नरोत्तम मिश्रा जी से इस संबंध में बातचीत हुई है. हम सभी कार्यकर्ता मिलकर ये पार्टी का चुनाव ऐतिहासिक बहुमत से जीतेंगे.'' देखें VIDEO:-
'किसी भी कार्यकर्ता का इस्तीफा स्वीकार नहीं होगा'
बीजेपी मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने बताया, मुख्यमंत्री मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल औरक्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल से मुख्यमंत्री निवास में पार्टी के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा ने सौजन्य भेंट की.
बैठक में दतिया विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई. इस अवसर पर यह तय हुआ कि पार्टी सर्वोपरि है और सभी कार्यकर्ता संगठन के निर्णय के साथ पूर्ण प्रतिबद्धता से खड़े हैं.
अग्रवाल ने साफ किया कि दतिया उपचुनाव के संबंध में कुछ कार्यकर्ताओं ने भावावेश में इस्तीफे दिए थे वो प्राप्त नहीं हुए हैं. भारतीय जनता पार्टी संगठन ने तय किया है कि किसी भी कार्यकर्ता का इस्तीफा स्वीकार नहीं होगा. सभी कार्यकर्ता पूर्ण एकजुटता, उत्साह और समर्पण के साथ पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को प्रचंड मतों से विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से चुनाव प्रचार में जुटें. भाजपा दतिया उपचुनाव में रिकॉर्ड मतों से विजय दर्ज करेगी.
क्या दतिया का पूरा मामला?
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव 30 जुलाई को होना है और मतगणना 3 अगस्त को होगी. यह चुनाव इसलिए घोषित हुआ क्योंकि तत्कालीन कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को धोखाधड़ी के एक मामले में कोर्ट ने तीन साल की सजा सुनाई थी और अयोग्य घोषित कर दिया. इस खाली हुई सीट पर कांग्रेस ने दतिया राजघराने के घनश्याम सिंह को अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाकर चुनावी मैदान में उतारा है, जबकि बीजेपी ने अपने कद्दावर नेता और पूर्व गृहमंत् नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर नए चेहरे आशुतोष तिवारी पर दांव खेला है.
BJP के इस फैसले से नाराज नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने शुक्रवार को दतिया में भारी उपद्रव और चक्काजाम कर बगावत शुरू कर दी, जिसका फायदा उठाने के लिए शिवसेना (UBT) ने मिश्रा को अपनी पार्टी से चुनाव लड़ने और उद्धव ठाकरे द्वारा खुद प्रचार करने का खुला ऑफर दे दिया; हालांकि, शनिवार देर रात मुख्यमंत्री मोहन यादव और बीजेपी संगठन के आला नेताओं के साथ हुई 'डैमेज कंट्रोल' बैठक के बाद नरोत्तम मिश्रा ने बगावत की अटकलों पर विराम लगाते हुए BJP उम्मीदवार के समर्थन में ही चुनाव प्रचार करने की घोषणा कर दी है.