मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है. शाहजहानाबाद थाना इलाके के ईदगाह हिल्स स्थित मल्टी में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. हत्या के बाद बदमाशों ने महिला के शरीर पर मौजूद सोने-चांदी के तमाम जेवरात लूट लिए. दरिंदगी की हद तो तब पार हो गई, जब हत्यारे महिला के मुंह में लगा सोने का दांत तक निकालकर अपने साथ ले गए. वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
मृतक बुजुर्ग महिला ईदगाह हिल्स की मल्टी में अपने बेटे और नाती के साथ रहती थीं. घटना के वक्त वह घर में अकेली थीं. इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने घर में दाखिल होकर महिला को निशाना बनाया. आरोपियों ने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी. इसके बाद महिला के पैरों की पायल, हाथों के कड़े, गले का हार, पैरों की बिछिया और मुंह में लगा सोने का दांत तक लूट लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
घटना का खुलासा उस वक्त हुआ, जब महिला का बेटा और नाती घर पहुंचे. घर के भीतर बुजुर्ग महिला का शव देखकर उनके होश उड़ गए. तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. जानकारी मिलते ही शाहजहानाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अब हत्या और लूट की इस वारदात के पीछे छिपे आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
मामले की गंभीरता और वारदात की भयावहता को देखते हुए भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने विशेष जांच दल यानी SIT का गठन किया है. शाहजहानाबाद ACP की निगरानी में गठित यह टीम मामले की गहन जांच करेगी. पुलिस ने आरोपियों के संबंध में जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की है.
पुलिस आसपास के CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. साथ ही महिला के घर आने-जाने वाले लोगों, परिचितों और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों को घर और महिला की दिनचर्या की जानकारी पहले से हो सकती है. ऐसे में पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है.