गर्भावस्था के दौरान गर्भवती महिला को तरह-तरह की परेशानियां हो जाती हैं. हॉर्मोनल बदलाव के साथ ही कई तरह के शारीरिक बदलाव भी होते हैं. इस दौरान ज्यादातर महिलाओं को पीठ दर्द की शिकायत भी हो जाती है. वैसे तो गर्भावस्था में पीठ दर्द होना एक सामान्य समस्या है लेकिन इसे नजरअंदाज करना कई बार खतरनाक भी साबित हो सकता है.
गर्भावस्था में पीठ दर्द से राहत पाने के लिए आप चाहें तो ये उपाय अपना सकती हैं. हालांकि कुछ दिनों तक तकलीफ रहने पर डॉक्टर से परामर्श जरूर ले लें क्योंकि ऐसी अवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है:
1. गर्भावस्था के दौरान बेहद जरूरी है कि आप पूरी नींद लें और गर्भावस्था के दौरान सोने, उठने-बैठने की एक विशेष अवस्था होती है. जिसके बारे में आपको कोई भी डॉक्टर बता देगा.
2. गर्भावस्था के दौरान गलती से भी तंग कपड़े न पहनें. तंग कपड़े पहनने का असर ब्लड सर्कुलेशन पर पड़ता है. बहुत टाइट कपड़े पहनने से मांस-पेशियों में खिंचाव आ सकता है.
3. गर्भावस्था के दौरान गलती से भी भारी वजन न उठाएं. वजन उठाने से बल पड़ता है जो पीठ दर्द की वजह बन सकता है.
4. गर्भावस्था के नियमित रूप से हल्के व्यायाम करने चाहिए. व्यायाम करते रहने से मांसपेशियां कड़ी नहीं होती हैं और उनमें लचीलापन बना रहता है. आमतौर पर मांस-पेशियों में अकड़ आ जाने से भी पीठ दर्द की शिकायत हो जाती है.
5. गर्भावस्था के दौरान हाई हील की चप्पलें पहनने से परहेज करें. हाई हील के जूते-चप्पल पहनने से मांस-पेशियों में खिंचाव आ जाता है, जिस कारण दर्द उभर आता है. इसके अलावा ये बेहद जरूरी है कि गर्भवती महिला के सोने का बिस्तर सही हो. ऊंचा-नीचा बिस्तर गर्भवती महिला के लिए पीठ दर्द का कारण बन सकता है.