Flood and Snake Safety: मानसून के दौरान जलभराव एक बड़ी समस्या है लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि सड़क पर जमा उस पानी में सांप और अन्य जीव भी हो सकते हैं जो अपनी सुरक्षा को देखते हुए आपको नुकसान पहुंचा सकते हैं. हाल ही में चीन से आई एक खबर सामने आई थी कि वहां बाढ़ के चलते एक स्नेक फार्म से करीब 900 जहरीले कोबरा सांप बहकर निकल गए और उस पानी के साथ सांप रिहायशी इलाकों की तरफ बढ़ गए. यह घटना बताती है कि जब नदियां या तालाब उफान पर होते हैं तो वे सिर्फ पानी ही नहीं, बल्कि उसमें मौजूद जलीय जीवों और सांपों को भी अपने साथ बहाकर कहीं भी ले जा सकते हैं.
ऐसी स्थिति में अपनी जान बचाने के लिए सांप सूखे और सुरक्षित ठिकानों की तलाश में बाहर निकलते हैं जिससे उनका सामना इंसानी बस्तियों, बगीचों या घरों के पास होने की संभावना बढ़ जाती है. मिसौरी संरक्षण विभाग के अनुसार, बाढ़ के बाद सांप मलबे या इंसानी ठिकानों में शरण लेने लगते हैं इसलिए इस दौरान एक्स्ट्रा सावधानी जरूरी है. भारत में भी मानसून शुरू हो चुका है और जलभराव के कारण ऐसे जीवों को से कैसे सुरक्षित रहा जाए, इस बारे में जान लीजिए.
चलते समय रखें इन बातों का ध्यान
यदि आप बारिश के दौरान बाहर निकल रहे हैं, तो बहुत सतर्क रहने की जरूरत है. जहां पानी भरा हो या घास ज्यादा हो, वहां नंगे पैर बिल्कुल न चलें. हमेशा पूरे पैर को ढकने वाले जूते या गमबूट्स पहनें. SREL हर्पेटोलॉजी के अनुसार, बाहर चलते समय कभी भी उन जगहों पर हाथ या पैर न रखें जहां आप देख नहीं सकते, जैसे कि पत्थर, लकड़ियों के ढेर या झाड़ियां. सांप अक्सर ऐसी जगहों पर छिपे होते हैं, जो उन्हें ठंडा और सुरक्षित महसूस कराती हैं.
घरों को रखें सांपों से दूर
बारिश के दिनों में सांपों के घर में घुसने की घटनाएं सबसे ज्यादा होती हैं. इससे बचने के लिए घर के आसपास की सफाई बहुत जरूरी है. अपने घर के आसपास जमा कचरा, पुरानी लकड़ियां या ईंटों के ढेर को हटा दें क्योंकि ये सांपों के छिपने की फेवरेट जगहें होती हैं. घर के दरवाजे और खिड़कियों के आसपास की दरारों को अच्छी तरह बंद कर देना चाहिए ताकि सांप अंदर न आ सकें. साथ ही, घर के पास पानी जमा न होने दें, क्योंकि यह चूहों और मेंढकों को आकर्षित करता है जो सांपों का मुख्य भोजन होते हैं.
सांप दिखने पर क्या करें?
अगर आपको कहीं सांप दिख जाए, तो सबसे पहले घबराएं नहीं और न ही उसे पकड़ने या मारने की कोशिश करें. अक्सर लोग सांप को मारने के चक्कर में ही सबसे ज्यादा शिकार बनते हैं. यदि सांप सामने दिखे, तो धीरे-धीरे पीछे हट जाएं और उसे रास्ता दें. सांप इंसानों को तभी काटते हैं जब उन्हें खतरा महसूस होता है. ऐसी स्थिति में तुरंत किसी वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट या स्नेक रेस्क्यू टीम को फोन करें. अगर किसी को गलती से सांप काट ले, तो घरेलू नुस्खे आजमाने के बजाय बिना समय गंवाए उसे फौरन हॉस्पिटल ले जाएं और एंटी-वेनम इलाज करवाएं.