Kitchen Tips: बारिश का मौसम अपने साथ ठंडक और राहत तो लाता है, लेकिन इसी मौसम में रसोई का सामान जल्दी खराब होने का खतरा भी बढ़ जाता है. बरसात के दिनों में रसोई में रखीं कई चीजों में नमी आ जाती है, जिससे परेशानी बढ़ जाती है. खासकर सूजी (रवा), आटा, बेसन और दालों में नमी के कारण कीड़े लगने लगते हैं.
अगर इस मौसम में सूजी को सही तरीके से स्टोर न किया जाए तो उसमें छोटे-छोटे कीड़े या जाले बनने लगते हैं, जिससे उसका स्वाद और क्वालिटी दोनों खराब हो जाते हैं. सूजी में अगर एक बार नमी आ जाती है तो उसकी क्वालिटी खराब हो जाती है.
ऐसे में कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर आप सूजी को लंबे समय तक ताजा और कीड़ों से सुरक्षित रख सकते हैं.
एयरटाइट कंटेनर में रखें
बरसात के मौसम में सूजी को बचाने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है कि आप सूजी को हमेशा अच्छी तरह सूखे और एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करके ही रखें. खुले पैकेट या ढक्कन ठीक से बंद न होने वाले डिब्बों में रखने से नमी आसानी से अंदर चली जाती है और कीड़े लगने की संभावना बढ़ जाती है.
सूजी को धूप दिखाएं
बरसात के दिनों में अगर कभी धूप निकल जाए तो सूजी को 1 से 2 घंटे के लिए हल्की धूप में फैलाकर छोड़ दें. इससे उसमें मौजूद अतिरिक्त नमी निकल जाती है और कीड़े पनपने का खतरा भी कई प्रतिशत तक कम हो जाता है. ध्यान रखें कि तेज धूप में बहुत देर तक न रखें.
तेजपत्ता रखें
सूजी के डिब्बे में 2 से 3 तेजपत्ते डाल दें. तेजपत्ते की नेचुरल खुशबू कीड़ों को दूर रखने में मदद करती है. यह एक आसान और पुराने समय से अपनाया जाने वाला घरेलू इलाज है.
फ्रिज में करें स्टोर
बारिश वाले सीजन में अगर आपके घर या रसोई में ज्यादा सीलन आती है, जिसकी वजह से आपकी रसोई का समान खराब हो जाता है. ऐसे में आप सूजी को एयरटाइट डिब्बे में भरकर फ्रिज में भी रखा जा सकते हैं, इससे नमी और कीड़ों दोनों से बचाव होता है.
सूखा चम्मच ही इस्तेमाल करें
अक्सर लोग सूजी निकालते समय जो चम्मच हाथ में आता है या फिर घी वाला चम्मच ही इस्तेमाल कर लेते हैं. जबकि सूजी निकालते समय हमेशा साफ और पूरी तरह सूखे चम्मच का इस्तेमाल करना चाहिए. गीला चम्मच या हाथ लगाने से नमी पहुंच जाती है, जिससे सूजी जल्दी खराब हो सकती है.
कम मात्रा में खरीदें
बारिश के मौसम में जरूरत के हिसाब से ही सूजी खरीदें. लंबे समय तक स्टोर करने के बजाय छोटी-छोटी मात्रा में खरीदने से उसके खराब होने की संभावना कम रहती है. इसके अलावा आप सूजी के पैकेट खरीदते हैं तो इस्तेमाल करने के बाद बचे हुए पैकेट को फिर से सील पैक कर दें, ताकि उसके अंदर नमी न जाए.
नमी वाली जगह से रखें दूर
सूजी के डिब्बे को गैस चूल्हे, सिंक या ऐसी जगह पर न रखें जहां भाप या नमी ज्यादा रहती हो. इसे ठंडी, सूखी और साफ जगह पर रखना सबसे बेहतर होता है, जिससे नमी कम पहुंचती है.
समय-समय पर जांच करें
हर 10 से 15 दिन में सूजी को एक बार जरूर चेक करें. अगर हल्की सी भी नमी महसूस हो तो उसे तुरंत कुछ देर धूप में सुखा लें या हल्का सा भूनकर ठंडा करके दोबारा स्टोर कर दें.