Attar vs Perfume: गर्मियों में तेज और चिलचिलाती धूप की वजह से कुछ सेकंड में ही शरीर से पसीना चूने लगता है. पसीने के कारण शरीर से अजीब सी बदबू आने लगती है. इस बदबू से छुटकारा पाने के लिए लोग बाजार से महंगे-महंगे परफ्यूम खरीदते हैं. लेकिन कई बार महंगे से महंगा परफ्यूम भी कुछ ही घंटों में उड़ जाता है और उसकी खुशबू पूरी तरह से गायब हो जाती है. गर्मियों में तेज धूप, पसीना और उमस के बीच खुशबू को लंबे समय तक बरकरार रखना आसान नहीं होता. ऐसे में लोग ऐसी खुशबू की तलाश में रहते हैं, जो न सिर्फ लंबे समय तक टिकी रहे, बल्कि स्किन पर भी हल्की महसूस हो.
तब लोगों को पुराने समय में पसीने की बदबू को कम करने और शरीर को महकाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले अत्तर यानी इत्र की याद आती है. बहुत से लोग आज भी ऐसे हैं, जो परफ्यूम नहीं, इत्र लगाते हैं और मानते हैं कि सड़ी गर्मी में इत्र लंबे समय तक टिकता है. अब सवाल ये उठता है कि क्या सच में इत्र, परफ्यूम की खुशबू से ज्यादा देर तक टिकती है? क्या सच में इत्र, परफ्यूम से बेहतर है? अगर आपके मन में भी यही सवाल है, तो ये खबर आपके लिए है. आज हम आपको बताएंगे गर्मियों परफ्यूम या इत्र में से क्या लगाना बेहतर होता है.
क्या होता है इत्र?
इत्र एक खुशबूदार तेल है, जिसे फूलों, जड़ी-बूटियों, मसालों और लकड़ी जैसी नेचुरल चीजों से तैयार किया जाता है. इसका इस्तेमाल सदियों से किया जा रहा है. इसे ट्रेडिशनल तरीके से बनाया जाता है, इसलिए इसकी खुशबू लंबे समय तक बनी रह सकती है. इत्र की सबसे बड़ी खासियत ये है कि इसमें आमतौर पर अल्कोहल नहीं होता, इसलिए इसे सीधे स्किन पर लगाया जाता है.
परफ्यूम कैसे होता है अलग?
परफ्यूम खुशबूदार तेलों, अल्कोहल और अन्य खुशबू देने वाली चीजों को मिलाकर बनाया जाता है. ये स्प्रे की तरह से इस्तेमाल किया जाता है और बाजार में इसकी बहुत सारी वैरायटी मौजूद हैं. फूलों की महक से लेकर फलों और लकड़ी की खुशबू तक, हर किसी को अपनी पसंद के हिसाब से अलग-अलग ऑप्शन मिल जाते हैं.
गर्मियों में कौन सा ज्यादा देर तक टिकता है?
गर्मी के मौसम में इत्र को अक्सर ज्यादा टिकाऊ माना जाता है. इसकी वजह ये है कि ये ऑयल बेस्ड होता है, जो स्किन पर लंबे समय तक बना रहता है और धीरे-धीरे अपनी खुशबू छोड़ता है. वहीं दूसरी ओर, परफ्यूम में मौजूद अल्कोहल गर्म मौसम में तेजी से उड़ सकता है, जिससे उसकी खुशबू इत्र के मुकाबले जल्दी हल्की पड़ सकती है.
स्किन के लिए कौन बेहतर माना जाता है?
अगर आपकी स्किन सेंसेटिव है, तो आपके लिए इत्र एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है क्योंकि इसमें आमतौर पर अल्कोहल नहीं होता. वहीं कुछ लोगों को परफ्यूम में मौजूद अल्कोहल या आर्टिफिशियल खुशबू वाली चीजों से जलन या रूखेपन की शिकायत हो सकती है. ऐसे में स्किन के लिहाज से भी इत्र लगाना ज्यादा बेहतर माना जाता है.
किसे चुनना चाहिए?
अगर आप ऐसी खुशबू चाहते हैं जो कम मात्रा में लगाकर भी लंबे समय तक बनी रहे, तो इत्र आपके लिए बेहतर ऑप्शन हो सकता है. वहीं अगर आपको अलग-अलग तरह की खुशबू पसंद हैं और स्प्रे की तरह से इस्तेमाल करना ज्यादा आरामदायक लगता है, तो परफ्यूम चुन सकते हैं.
इत्र और परफ्यूम दोनों की अपनी-अपनी खूबियां हैं. ऐसे में सही चुनाव आपकी पसंद, स्किन के प्रकार और जरूरत पर निर्भर करता है.