How To Sharpen Mixer Blades At Home: किचन में घंटों का काम मिनटों में निपटाने वाला मिक्सर ग्राइंडर सबके घरों में होता है. ये हर महिला का वो साथी है, जो उनके रसोई के काम को आसानी से निपटाने में मदद करता है. रोज-रोज मसाले पीसने हों, चटनी बनानी हो या फिर स्मूदी तैयार करनी हो मिक्सर ग्राइंडर सभी काम कर देता है. लेकिन कई बार ये भी धोखा दे जाता है. दरअसल, कई बार मिक्सर के ब्लेड्स की धार कम हो जाती है और वो ढंग से चीजों को पीस नहीं पाते हैं. अगर ये ठीक से काम न करे तो किचन का काम दोगुना मुश्किल हो जाता है.
ऐसे में जब मिक्सर के ब्लेड्स ठीक से काम नहीं करते हैं, तो लोग अक्सर नया जार खरीदने या मैकेनिक के पास जाने की सोचने लगते हैं. अगर आप भी ऐसा करते हैं तो रुक जाइए. कुछ छोटी-सी चीजों के इस्तेमाल से आप घर बैठे ही अपने मिक्सर की ब्लेड्स को दोबारा तलवार जैसी धार दे सकते हैं. आइए जानते हैं वो आसान और देसी जुगाड़ जो आपके पुराने मिक्सर को फिर से नए जैसा बना देंगे.
1. अंडे के छिलकों का इस्तेमाल: अगर आपके घर में अंडे खाए जाते हैं, तो उनके छिलकों की मदद से आप मिक्सर के ब्लेड की धार तेज कर सकते हैं. अंडे के छिलकों को सबसे पहले अच्छी तरह धोकर सुखा लें, ताकि उनमें गंदगी या बदबू न रहे. इसके बाद इन्हें मिक्सर जार में डालकर कुछ सेकंड के लिए चला दें.
इससे छिलकों का हल्का खुरदरापन ब्लेड पर जमी गंदगी को साफ करता है. इसके साथ ही, इससे ब्लेड की धार भी थोड़ी बेहतर हो जाती है और मिक्सर पहले की तरह काम करने लगता है.
2. मोटा नमक भी है काम का: मिक्सर ब्लेड को साफ और थोड़ा शार्प करने का दूसरा सस्ता तरीका मोटे नमक का इस्तेमाल है. ये तरीका भी काफी असरदार माना जाता है. इसके लिए जार में एक चम्मच मोटा नमक डालें और मिक्सर को कुछ सेकंड के लिए चला दें.
नमक के दाने थोड़े खुरदरे होते हैं, जो ब्लेड पर जमी कुंद परत को साफ करने में मदद करते हैं. इससे ब्लेड सही तरह से काम करने लगता है और मिक्सर पहले से ज्यादा अच्छी तरह पीसता है.
3. बर्फ के टुकड़े करेंगे कमाल: फ्रीजर जमी बर्फ भी आपके बहुत काम आ सकती है. ये मिक्सर के ब्लेड को ठीक करने का सबसे आसान और सस्ता तरीका है. इसकी मदद से ब्लेड की धार तेज करने के लिए आपको बस 3-4 बर्फ के टुकड़े मिक्सर जार में डालने हैं और कुछ सेकंड के लिए उन्हें ब्लेंड करना है.
बर्फ ब्लेड पर जमी गंदगी और फंसे हुए छोटे-छोटे कणों को हटाने में मदद करती है. इससे ब्लेड साफ हो जाता है और उसकी धार भी बेहतर हो जाती है.
4. बेकिंग सोडा: रसोई में रखा बेकिंग सोडा सिर्फ बेकिंग के लिए ही काम नहीं आता है, बल्कि ये ब्लेड की सफाई के भी काम आता है. अगर ब्लेड पर ज्यादा चिकनाई या गंदगी जमी हुई है, तो बेकिंग सोडा का इस्तेमाल काफी फायदेमंद हो सकता है. इसके लिए बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें.
अब इस पेस्ट को ब्रश की मदद से ब्लेड पर लगाएं और करीब 5 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद हल्के हाथ से साफ कर लें. इससे ब्लेड की गहराई से सफाई होती है और मिक्सर अच्छे से काम करता है.
5. एल्युमिनियम फॉयल का इस्तेमाल करें: आप एल्युमिनियम फॉयल का इस्तेमाल करके भी मिक्सर के ब्लेड्स की धार को तेज कर सकते हैं. इसके लिए एल्युमिनियम फॉयल का एक छोटा टुकड़ा लें और उसे मोड़कर छोटा सा बॉल बना लें. अब इसे मिक्सर जार में डालकर कुछ सेकंड के लिए चला दें. फॉयल थोड़ा खुरदुरा होता है, जो ब्लेड की छोटी-मोटी खराबी को ठीक करने में मदद करता है.