How To Separate Stuck Glass Bowls And Glasses: रसोई में बर्तन इतने ज्यादा होते हैं कि अक्सर उन्हें एक-दूसरे के अंदर डालकर स्टोर करना पड़ता है. बर्तनों को एक-दूसरे के अंदर डालकर स्टोर करने से जगह कम घिरती है और रसोई फैली हुई भी नहीं लगती है. ऐसे में कांच के बाउल, गिलास या डिब्बों को एक के ऊपर एक रखकर रखना आम बात है. लेकिन कई बार ये इतने बुरी तरह आपस में फंस जाते हैं कि लाख कोशिश करने पर भी अलग नहीं होते. ऐसे में लोग जोर लगाकर खींचने लगते हैं, जिससे कांच टूटने और चोट लगने का खतरा बढ़ जाता है.
अगर आपको भी रसोई में भी अक्सर इस समस्या का सामना करना पड़ता है और आपको उन फंसे बर्तनों को निकलाने में खूब मशक्कत करनी पड़ती है, तो ये खबर आपके लिए है. आज हम आपको कुछ आसान घरेलू उपाय बताने वाले हैं, जिनकी मदद से आप इन्हें आसानी से अलग कर सकते हैं वो भी बिना किसी नुकसान के.
1. गर्म पानी का इस्तेमाल करें: कांच के फंसे बर्तनों को अलग करने के लिए सबसे पहले ऊपर वाले बर्तन की बाहरी सतह पर हल्का गर्म पानी डालें. गर्मी की वजह से कांच थोड़ा फैलता है और उसकी पकड़ ढीली हो सकती है. इसके बाद बर्तन को धीरे-धीरे घुमाकर अलग करने की कोशिश करें. ध्यान रहे ज्यादा जोर नहीं लगाना है.
2. गर्म और ठंडे पानी का कमाल: एक बड़े बर्तन या सिंक में गुनगुना पानी भर लें और उसमें फंसे हुए बर्तन रख दें. अब ऊपर वाले बर्तन में बर्फ या ठंडा पानी डालें. टेंपरेचर के फर्क की वजह से दोनों बर्तनों की शेप थोड़ा बदलती है और वो आसानी से अलग हो सकते हैं.
3. तेल या डिशवॉश लिक्विड लगाएं: अगर पानी वाला तरीका काम न करे, तो दोनों बर्तनों के किनारों के बीच थोड़ा सा कुकिंग ऑयल या डिशवॉश लिक्विड डाल दें. इससे चिकनाहट बनेगी और बर्तन आसानी से सरककर अलग हो सकते हैं.
फंसे कांच के बर्तनों को निकालने के लिए कभी ना करें ये काम
कांच के फंसे हुए बर्तनों को अलग करने के लिए कुछ काम कभी नहीं करने चाहिए. ये आपकी बहुत बड़ी गलती साबित हो सकते हैं.
1. ज्यादा ताकत न लगाएं: फंसे कांच के बर्तनों को निकालने के लिए कभी भी जोर नहीं लगाना चाहिए. जोर से खींचने पर बर्तन टूट सकते हैं और हाथ भी कट सकता है.
2. किसी भारी चीज से न मारें: कभी भी इन्हें अलग करने के लिए हथौड़ा, चाकू या किसी सख्त चीज का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. इससे इनमें क्रैक आ सकता है.
3. उबलता हुआ पानी न डालें: कभी भी बर्तनों को अलग करने के लिए बहुत ज्यादा गर्म पानी नहीं डालना चाहिए. अचानक कांच पर उबलता या बहुत ज्यादा गर्म पानी पड़ने से वो चटक सकता है.