
Old Electric Wire Reuse: सफाई के दौरान कई सारी पुरानी चीजें हमारे हाथ लग जाती हैं, जिनको हम कूड़ेदान में डाल देते हैं. बिजली की पुरानी तारे भी कई बार सफाई में मिल जाती हैं, इनके अलावा पुराना मोबाइल चार्जर, ईयरफोन, एक्सटेंशन बोर्ड, टीवी की वायर इधर-उधर पड़ी रहती हैं, जिनको अक्सर लोग खराब समझकर कूड़े में फेंक देते हैं. मगर क्या आप जानते हैं कि यह पुरानी तारे आपके घर में कई तरह से दोबारा इस्तेमाल की जा सकती हैं.
हर पुरानी चीज कबाड़ नहीं होती है, अगर आप उसका स्मार्ट तरीके से रीयूज करना जानते हैं. इलेक्ट्रॉनिक सामान की पुरानी तारें अक्सर इधर-उधर पड़ी रहती हैं. कुछ तारें खराब हो जाती हैं तो कुछ काम की नहीं रहतीं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उन्हें तुरंत कूड़े में फेंक दिया जाए. आइए पुरानी तारों को घर में रीयूज करने के कुछ आसान तरीके जानते हैं, जिनको जानने के बाद आप दोबारा तारों को फेंकने की गलती तो बिल्कुल नहीं करेंगे.
तारों से बनाएं केबल ऑर्गनाइजर
अगर पुरानी तारे सही और लचीली है तो उनका इस्तेमाल छोटे केबल्स को ऑर्गेनाइज करने के लिए कर सकते हैं. इन्हें छोटे टुकड़ों में काटकर अलग-अलग चार्जिंग केबल या ईयरफोन को बांधने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. अगर आपको भी घर में काम के समय चार्जिंग केबल या ईयरफोन नहीं मिलते हैं तो आप इनको इस तरीके से रखेंगे तो ड्रॉअर में तारें उलझेंगी नहीं.
पौधों को सहारा देने में आएंगी काम
आपके घर में बेल वाले पौधे हैं तो आपके लिए पुरानी तारे तो बहुत काम आने वाली हैं. इन पुरानी तारों का यूज आप बेल को सहारा देखने के लिए कर सकते हैं, जिससे वो इधर-उधर नहीं फैलती हैं. तार को पौधे के तने के चारों ओर बहुत ढीला रखते हुए लगाया जा सकता है. ध्यान रखें कि तार पौधे के तने में न चुभे और उसे कसकर न बांधें.
बास्केट या पैन होल्डर
मोटी या रंग-बिरंगी तारों को आपस में मोड़कर छोटा पेन होल्डर, कटोरी या चाबी रखने की बास्केट भी बनाई जा सकती है, जो दिखने में सुंदर लगती है. इस तरह से अलग-अलग कमरे के लिए बास्केट बना सकते हैं, जहां अपनी छोटी-छोटी चीजों को संभालकर रख सकते हैं. रोजाना पहने जाने वाली जूलरी को भी आप इन टोकरी में रख सकते हैं, जो अच्छी दिखती हैं.
छोटी चीजों को टांगने के लिए करें इस्तेमाल
घर में चीजों को टांगने के लिए आप पुरानी मजबूत तार को मोड़कर छोटे हुक भी बना सकते हैं. इससे हल्की चीजें जैसे चाबियां, छोटी कैंची या सजावटी सामान टांगने के लिए जगह बनाई जा सकती है. हालांकि, इसके लिए केवल सुरक्षित तार का इस्तेमाल करें और उस पर ज्यादा वजन न डालें. हल्की चीजों को आप तार वाले हुक पर टांग सकते हैं, जो दिखने में भी अच्छा लगता है.

पुरानी तारों से बनाएं ट्री ऑफ लाइफ
पुरानी कॉपर की तारों से ट्री ऑफ लाइफ बना सकते हैं, जिसे आप अपने घर की किसी दीवार पर सजा भी सकते हैं. यह दिखने में बहुत अच्छा भी लगता है और लोग इसको महंगी कीमतों पर बाजारों से खरीदकर लाते हैं, जबकि आप इसको अपने घर पर मिनटो में तैयार कर सकते हैं. इसके अलावा वायर से फूल भी बना सकते हैं.
आयरन ग्रिड फोटो फ्रेम वॉल क्लिप होल्ड
पुरानी तारों से आप फोटो फ्रेम भी बना सकते हैं, जो आजकल Gen Z के बीच काफी पॉपुलर है. स्टील और कॉपर की तारों का इस्तेमाल करके आप आयरन ग्रिड फोटो फ्रेम वॉल क्लिप होल्ड तैयार कर सकते हैं, जिसमें आप अपनी फोटोज को डायरेक्ट किसी भी शेप में निकालकर इस पर क्लिप की मदद से टांग सकते हैं. इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसको आप आसानी से इधर-उधर भी ले जा सकते हैं.
पुरानी चीजों का रीयूज करते हुए इन बातों का रखें ध्यान
पुरानी तार का दोबारा इस्तेमाल करने से पहले यह जरूर चेक कर लें कि वो ठीक हालत में है. जिस तार की बाहरी परत फटी हो, तार गर्म होती हो या उसमें कट लगा हो, उसे बिजली से जुड़े किसी काम में इस्तेमाल न करें. खासकर बच्चों की पहुंच से ऐसी तारों को दूर रखें. ऐसी तारों में करेंट आने के चांस काफी ज्यादा होते हैं, इसलिए इनको बिजली के सामान में इस्तेमाल न करें.