Bhandare Wali Kaddu Ki Sabzi: हलवाई स्टाइल में घर पर बनाएं भंडारे वाली कद्दू की सब्जी, इन 3 सीक्रेट टिप्स का रखें ध्यान
आलू ही नहीं बल्कि कद्दू की भंडारे वाली सब्जी भी लोगों को बहुत पंसद आती है, लेकिन जब भी घर पर कद्दू की सब्जी बनाओ तो वो मजा नहीं आता है. अगर आप भी कद्दू की खट्टी-मीठी सब्जी बनाना चाहते हैं तो आप इन कुछ खास सीक्रेट्स का ध्यान रखें, इनसे घर पर ही शानदार सब्जी बनेगी.
Advertisement
X
सीताफल की सब्जी में गुड़ भी डाल सकते हैं. (PHOTO:AI)
Bhandare wali Kaddu ki Sabzi Recipe: भंडारे के खाने का स्वाद ही अलग होता है, चाहे हलवा हो या आलू और कद्दू की सब्जी ही क्यों ना हो. कद्दू को देखकर अक्सर ही लोग मुंह बना लेते हैं, लेकिन जब भी बात भंडारे वाली कद्दू की सब्जी की आती हैं तो लोग खुशी-खुशी खाते हैं.
बिना लहसुन और प्याज के बनने वाली इस सब्जी का स्वाद इतना लाजवाब होता है कि लोग उंगलियां चाटते रह जाते हैं. मगर जब भी कद्दू की खट्टी-मीठी सब्जी घर पर बनाते हैं तो वो स्वाद नहीं आता है. अगर आप भी उस पारंपरिक स्वाद को मिस कर रहे हैं, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है.
आज हम आपके साथ शेयर करने जा रहे हैं बिल्कुल हलवाई स्टाइल में कद्दू की सब्जी बनाने की बेहद आसान रेसिपी और कुछ ऐसे सीक्रेट टिप्स, जिससे आपकी सब्जी का स्वाद और खुशबू दोनों बिल्कुल परफेक्ट बनेंगे.
कद्दू की इस पारंपरिक सब्जी को बनाने के लिए आपको बहुत खास मसालों की जरूरत होती है, जिससे इस सब्जी में टेस्ट आता है.
कद्दू (पेठा): 500 ग्राम (हरा और हल्का कच्चा)
सरसों का तेल: 2-3 बड़े चम्मच
मेथी दाना: 1 छोटा चम्मच
तेजपत्ता: 2
सूखी लाल मिर्च: 2
हींग: 2 चुटकी
कद्दूकस किया अदरक: 1 इंच
हरी मिर्च: 2 (बारीक कटी हुई)
मसाले: हल्दी (1/2 चम्मच), धनिया पाउडर (1.5 चम्मच), लाल मिर्च पाउडर (1 चम्मच), गरम मसाला (1/2 चम्मच)
आमचूर पाउडर (1 चम्मच)
चीनी या गुड़ (2 छोटे चम्मच)
नमक
हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
सब्जी बनाने का आसान तरीका
Advertisement
सबसे पहले कद्दू को अच्छी तरह धो लें, अगर कद्दू हरा और सॉफ्ट है, तो उसका छिलका बिल्कुल न उतारें. कद्दू को मीडियम शेप के चौकोर टुकड़ों में काट लें.
एक कड़ाही में सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह गर्म करें. तेल से धुआं निकलने के बाद गैस धीमी करें और इसमें मेथी दाना, तेजपत्ता, सूखी लाल मिर्च और हींग डालें.
मेथी को हल्का सुनहरा होने दें, इसे ज्यादा काला न करें. अब इसमें कद्दूकस किया हुआ अदरक और हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भूनें.
इसके बाद हल्दी, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालें, मसालों को धीमी आंच पर ही चलाएं ताकि वे जले नहीं और अपना असली रंग छोड़ें.
कड़ाही में कटे हुए कद्दू के टुकड़े और नमक डालें. अच्छी तरह मिलाकर सब्जी को ढक्कन से ढक दें और धीमी आंच पर 10-12 मिनट के लिए पकने दें.
इस बात का ध्यान रखें कि कद्दू अपने ही पानी में पक जाता है, इसलिए अलग से पानी डालने की जरूरत नहीं होती.
जब कद्दू पूरी तरह से सॉफ्ट हो जाए, तो कलछी या मैशर की मदद से कुछ टुकड़ों को हल्का सा दबा दें. इससे सब्जी में एक गाढ़ापन आता है जो इसे बिल्कुल हलवाई जैसा लुक देता है.
अब आखिरी में सब्जी में आमचूर पाउडर, गरम मसाला और चीनी या गुड़ डालें. इसे अच्छे से मिक्स करें और दो मिनट के लिए बिना ढके पकने दें, ताकि खट्टा-मीठा स्वाद कद्दू में मिल जाए.
सब्जी के बनने के बाद इसमें ऊपर से फ्रेश हरा धनिया डालकर गार्निश करें और गरम-गरम सर्व करें.
हलवाई की 3 सीक्रेट टिप्स
भंडारे में सब्जी अक्सर लोहे के बड़े बर्तनों में बनती है, जिससे सब्जी का रंग थोड़ा गहरा और स्वाद बेहद सोंधा आता है.
कद्दू की सब्जी में जीरे या राई का तड़का लगाने की भूल न करें. इसका असली स्वाद मेथी दाने और तेज हींग से ही आता है.
पके हुए पीले कद्दू की जगह हमेशा हरे छिलके वाले कद्दू को चुनें. छिलके सहित बनी सब्जी का टेक्सचर भंडारे जैसा ही क्रंची और मजेदार बनता है.