scorecardresearch
 

How to Make Bel Sharbat: चिलचिलाती गर्मी और लू ने कर दिया बेहाल? घर में बनाकर पिएं ठंडा-ठंडा बेल का शरबत, पेट की जलन भी होगी शांत

How to Make Bel Sharbat: अगर आप भी तपती और जलती गर्मी से परेशान हैं और आप ना केवल शरीर को ठंडा बल्कि एनर्जी भी देना चाहते हैं तो बेल का ठंडा-ठंडा शरबत आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन है. यहां हम आपको इसे घर पर बनाने का तरीका बता रहे हैं.

Advertisement
X

How to Make Bel Sharbat: मई की चिलचिलाती गर्मी, तेज धूप और लू के थपेड़ों ने आम जनजीवन बेहाल कर दिया है. इस मौसम में शरीर में पानी की कमी होना, डिहाइड्रेशन और पेट में जलन जैसी समस्याएं बेहद आम हो जाती हैं. बाजार में मिलने वाले कोल्ड ड्रिंक्स और पैक्ड जूस कुछ देर के लिए तो प्यास बुझाते हैं, लेकिन सेहत को नुकसान पहुंचाते हैं.

ऐसे में प्रकृति ने हमें बेल के रूप में एक ऐसा वरदान दिया है जो गर्मी का सबसे बेहतरीन तोड़ है. बेल का शरबत न सिर्फ शरीर को अंदर से ठंडा रखता है बल्कि पेट की जलन को शांत कर लू से भी सुरक्षित रखता है. आइए जानते हैं औषधीय गुणों से भरपूर इस ठंडे-ठंडे देसी शरबत को घर पर बनाने की बेहद आसान और क्विक रेसिपी.

बेल के शरबत की सामग्री
पका हुआ बेल: 1 बड़ा

ठंडा पानी: 3 से 4 गिलास

चीनी या पिसी मिश्री: 3-4 चम्मच (स्वादानुसार)

भुना जीरा पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच

काला नमक: 1/2 छोटा चम्मच

पुदीने की पत्तियां: 7-8 (बारीक कटी या क्रश की हुई)

आइस क्यूब्स

बनाने का तरीका
सबसे पहले पके हुए बेल को किसी भारी चीज की मदद से बीच से तोड़ लें. अब एक चम्मच की सहायता से इसके अंदर का सारा गूदा (पल्प) एक बड़े बर्तन में निकाल लें.

Advertisement

अब इस गूदे में 2 गिलास ठंडा पानी डालें और इसे 5 से 10 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें, ताकि गूदा थोड़ा सॉफ्ट हो जाए.

समय पूरा होने पर अपने हाथों को अच्छी तरह साफ करें और गूदे को पानी के साथ अच्छी तरह से मैश (मसल) लें. ऐसा करने से बेल के रेशे और बीज गूदे से अलग होने लगेंगे. ध्यान रहे: इसे कभी भी मिक्सर या ब्लेंडर में न पीसें, वरना इसके बीज पिस जाएंगे और शरबत कड़वा हो जाएगा.

अच्छी तरह मसलने के बाद, जो मोटे रेशे और बीज ऊपर आ जाएं, उन्हें हाथों से निचोड़कर बाहर निकाल लें.

अब एक बड़ी छन्नी लें और तैयार मिक्सचर को दूसरे बर्तन में छान लें, ताकि बचा हुआ रेशा भी निकल जाए और एकदम स्मूथ पल्प मिले.

फ्लेवर और पानी मिलाएं: छने हुए पल्प में स्वादानुसार चीनी या पिसी हुई मिश्री डालें. साथ ही भुना हुआ जीरा पाउडर, काला नमक और बाकी बचा हुआ ठंडा पानी डालकर तब तक चलाएं जब तक चीनी पूरी तरह घुल न जाए.

सर्व करें: तैयार ठंडे-ठंडे बेल के शरबत को गिलासों में निकालें. ऊपर से क्रश की हुई पुदीने की पत्तियां और आइस क्यूब्स डालकर गरमागरम धूप से आए मेहमानों या घर वालों को परोसें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement