आज के दौर में हम पानी ठंडा करने के लिए पूरी तरह से रेफ्रिजरेटर पर निर्भर हैं लेकिन फ्रिज का पानी अक्सर गले में खराश और पाचन संबंधी समस्याओं का कारण बनता है. लेकिन क्या आपने सोता है कि पुराने जमाने में लोग बिना बिजली के ठंडा पानी का इंतजाम कैसे करते थे.
बिना फ्रिज पानी कैसे रहेगा ठंडा
बिना फ्रिज पानी को ठंडा करने के लिए घड़ा और सुराही का ही ख्याल आता होगा लेकिन इसके अलावा भी कुछ मजेदार तरीके हैं जिनसे पानी को ठंडा किया जा सकता है. इतना ही नहीं ये ट्रिक्स पानी को न केवल ठंडा करते हैं बल्कि उसे शुद्ध और मीठा भी बनाते हैं. अगर आप भी इस गर्मी में बिजली बचाना चाहते हैं और सेहतमंद ठंडक पाना चाहते हैं तो पुराने जमाने के ये नुस्खे आपके बेहद काम आएंगे.
छायादार और हवादार जगह का रखें ध्यान
पानी के बर्तनों को हमेशा घर के सबसे ठंडे और हवादार कोने में रखें. खिड़की के पास जहां से हवा आती हो, वहां पानी रखने से वाष्पीकरण तेजी से होता है और पानी जल्दी ठंडा होता है.
मिट्टी का घड़ा और जूट की बोरी का करें यूज
यह सबसे कारगर तरीका है. मिट्टी के घड़े के चारों ओर जूट की बोरी या मोटा सूती कपड़ा लपेट दें और उसे हमेशा गीला रखें. जैसे-जैसे कपड़े का पानी उड़ेगा, वह घड़े के अंदर की गर्मी सोख लेगा और पानी ठंडा बना रहेगा.
रेत का बेड
एक चौड़े बर्तन या परात में मोटी रेत बिछाएं और उसे पानी से अच्छी तरह भिगो दें. अब अपना पानी का मटका या सुराही इस गीली रेत के ऊपर रखें. यह सेटअप पानी को लंबे समय तक ठंडा रखने में मदद करता है.
तांबे के बर्तन पर लपेटें गीला कपड़ा
अगर आप तांबे के लोटे या जग में पानी रखते हैं तो उसके बाहर सूती कपड़ा गीला करके लपेट दें. तांबा जल्दी ठंडा होता है और गीला कपड़ा उसे बाहरी गर्मी से बचाएगा.