How to identify snake hole: गर्मी और बारिश के मौसम में अक्सर घर के कोनों में या फिर गार्डन में छोटे-छोटे छेद नजर आते हैं. कई बार लोग इन्हें चूहे, कॉकरोच या अन्य जीवों का बिल समझकर अनदेखा कर देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं ऐसा करना खतरनाक साबित हो सकता है. आपको जानकर हैरानी होगी कि सांप खुद अपना बिल नहीं बनाते हैं. वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सांप बेहद चालाक होते हैं और वे चूहों, गिलहरियों या अन्य जीवों द्वारा बनाए गए खाली बिलों पर कब्जा कर लेते हैं. अगर आपके भी घर के आसपास ऐसे छेद दिख रहे हैं तो नीचे बताए संकेतों से पहचानें कि बिल सांप का है या चूहे का.
बिल के किनारे चिकने होना
यदि आपके गार्डन में कोई ऐसा छेद दिख रहा है जिसके किनारे साफ और चिकने दिख रहे हैं तो उम्मीद है कि वहां सांप हो सकता है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, जब सांप किसी बिल में बार-बार अंदर-बाहर जाता है तो उसके रेंगने से बिल के किनारे पूरी तरह चिकने हो जाते हैं. वहीं चूहे या अन्य जीवों के बिल के बाहर आप खोदी हुई मिट्टी या फिर मिट्टी का ढेर देख सकते हैं.
सांप की केंचुली मिलना
सांप के एक्टिव होने का सबसे बड़ा और पक्का सबूत है उसकी केंचुली. दरअसल, सांप समय-समय पर अपनी स्किन बदलते रहते हैं. यदि आपको किसी छेद के पास सूखी, कागज जैसी पतली केंचुली दिखाई दे तो समझ लें कि सांप वहीं आसपास ही मौजूद है.
जमीन पर रेंगने के निशान
AAAC वाइल्डलाइफ रिमूवल का कहना है कि सांपों के पैर नहीं होते इसलिए जब वे जमीन पर रेंगते हैं तो अपने पीछे एक खास पैटर्न छोड़ जाते हैं. बिल के आसपास की ढीली मिट्टी या धूल पर अगर आपको 'S' के आकार की लहराती हुई लाइनें दिखाई दें तो यह संकेत है कि सांप वहां से गुजरा है.
अजीब तरह का मल दिखना
घर के आसपास सांप की मौजूदगी पहचानने का एक और तरीका है उसका मल. सांप का मल गहरे भूरे या काले रंग का होता है जिसके एक छोर पर सफेद या चाक जैसा हिस्सा (Uric Acid) होता है. इसमें अक्सर उनके शिकार जैसे चूहों के बाल या छोटी हड्डियां भी दिखाई दे सकती हैं.
बिल के मुंह पर जाले न होना
यह एक बहुत ही साधारण लेकिन काम का ऑब्जर्वेशन है. यदि किसी छेद के मुंह पर मकड़ी के जाले या सूखी पत्तियां जमा हैं तो इसका मतलब है कि वह खाली है. लेकिन यदि छेद का रास्ता एकदम साफ है तो इसका मतलब है कि वहां किसी जीव का लगातार आना-जाना बना हुआ है.
यदि आपको अपने घर के पास ऐसा कोई भी संदिग्ध छेद दिखे तो उसमें कभी भी हाथ या लकड़ी डालने की गलती न करें. ऐसी स्थिति में तुरंत लोकल वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट या रेस्क्यू टीम से संपर्क करें.