scorecardresearch
 

How to Make Bharwan karela: बहुत खा ली फीकी दाल और सब्जी? भुना बेसन और अमचूर डालकर बनाएं भरवां करेला

How to Make Bharwan karela: अगर आप रोज-रोज वही साधारण दाल-रोटी और उबाऊ हरी सब्जियां खाकर थक चुके हैं तो अपने मेन्यू को एक मजेदार और चटपटा ट्विस्ट देने का समय आ गया है. भुने हुए बेसन के सोंधेपन और अमचूर की खटास से तैयार यह भरवां करेले की रेसिपी आपकी सादी थाली को भी एक शाही और जायकेदार लुक दे देगी.

Advertisement
X
भरवां करेला (Photo: ITG)
भरवां करेला (Photo: ITG)

हफ्ते के सातों दिन एक ही जैसा खाना खाकर अक्सर हर कोई बोर हो जाता है. खासकर जब बात करेले जैसी हरी सब्जी की हो तो घर के बच्चे और बड़े दोनों ही इसके कड़वेपन की वजह से नाक भौं सिकोड़ने लगते हैं. लेकिन यकीन मानिए करेला भले ही कड़वा होता है. अगर इसे बनाने का तरीका थोड़ा सा बदल दिया जाए तो यही सब्जी डाइनिंग टेबल की स्टार डिश बन सकती है. आज हम आपके लिए लेकर आए हैं करेले की एक ऐसी ही लाजवाब रेसिपी.

बेसन और अमचूर वाले भरवां करेले. इसमें पारंपरिक मसालों के साथ भुने हुए बेसन का सोंधापन और अमचूर पाउडर का खट्टा-तीखा स्वाद मिलकर एक ऐसा जादुई मसाला तैयार करते हैं, जो करेले के कड़वेपन को पूरी तरह सोख लेता है. इस मसालेदार सूखी सब्जी को आप गरमा-गरम परांठे, पूड़ी या फिर सिंपल दाल-चावल के साथ साइड डिश के रूप में परोस सकते हैं. इसे खाते ही घरवाले इसकी तारीफ करते नहीं थकेंगे. 

सामग्री (Ingredients)
करेले: 5-6 मध्यम आकार के

बेसन: 1/2 कप

अमचूर पाउडर: 2 बड़े चम्मच

सौंफ: 1 बड़ा चम्मच (दरदरी पिसी हुई)

धनिया पाउडर: 1 बड़ा चम्मच

लाल मिर्च पाउडर: 1 छोटा चम्मच

हल्दी पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच

गरम मसाला: 1/2 छोटा चम्मच

हींग: एक चुटकी

नमक: स्वादानुसार

सरसों का तेल: 3-4 बड़े चम्मच

धागा: करेले बांधने के लिए

Advertisement

बनाने का तरीका
करेलों को अच्छे से धोकर पोंछ लें. इनके ऊपर का छिलका हल्का खुरच लें (पूरा न छीलें). अब हर करेले के बीच में एक लंबा चीरा लगाएं और चम्मच के पिछले हिस्से से इसके अंदर के बीज निकाल लें. अब इन करेलों पर अंदर और बाहर अच्छी तरह नमक और थोड़ी हल्दी लगाएं. इन्हें कम से कम 30-40 मिनट के लिए रख दें, फिर पानी से धोकर अच्छे से निचोड़ लें. इससे कड़वाहट निकल जाएगी.

एक कढ़ाई में बेसन को मध्यम आंच पर तब तक भूनें जब तक कि वह हल्का सुनहरा न हो जाए और अच्छी खुशबू न आने लगे. अब इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च, सौंफ, अमचूर, गरम मसाला, नमक और हींग मिलाएं. अच्छे से मिक्स करें और गैस बंद कर दें. अगर मसाला बहुत सूखा लग रहा हो, तो इसमें 1 चम्मच तेल मिला दें ताकि यह जुड़ जाए.

तैयार मसाले को चम्मच की मदद से करेलों के अंदर दबा-दबा कर भरें. अब एक सफेद धागे को करेले के चारों ओर लपेट दें ताकि पकते समय मसाला बाहर न निकले.

एक भारी तले वाली कढ़ाई या पैन में सरसों का तेल गरम करें. जब तेल से धुआं निकलने लगे, तो आंच धीमी कर दें. इसमें भरे हुए करेले रखें और ढककर धीमी आंच पर पकाएं. हर 4-5 मिनट में इन्हें पलटते रहें.

Advertisement

जब करेले चारों तरफ से हल्के सुनहरे और नरम हो जाएं तो ढक्कन हटा दें और 2 मिनट तक तेज आंच पर अलट-पलट कर कुरकुरा करें. अंत में धागा हटाकर गरमा-गरम सर्व करें.

आप इसे परांठे या दाल-चावल के साथ परोसें. यह सब्जी फ्रिज में रखकर आप 3-4 दिन तक आराम से खा सकते हैं. यह खराब नहीं होती. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement