मुंबई में रहने वाले सभी सेलिब्रिटीज के घर अक्सर किसी मॉल या महंगे शोरूम की तरह चमकते हैं, लेकिन इस चकाचौंध के बीच एक घर बिल्कुल अलग है. इस घर की खास बात ये है कि ये किसी आम इंसान का नहीं बल्कि क्रिकेट की पिच पर अपनी रफ्तार से बल्लेबाजों को छकाने वाले क्रिकेटर जहीर खान और 'चक दे! इंडिया' फेम एक्ट्रेस सागरिका घटगे का है. जहीर और सागरिका का मुंबई स्थित आशियाना किसी 'शो-पीस' जैसा नहीं, बल्कि भावनाओं और यादों से महकता एक कोना है.
जहीर और सागरिका का घर सिर्फ लग्जीरियस चीजों से जड़ा मकान नहीं, बल्कि ये उन यादों का एक खूबसूरत संदूक है, जिसे कपल ने बरसों से संजोया है. ऐसा हमारा नहीं बल्कि खुद एक्ट्रेस का कहना है. उनका मानना है कि घर एक बार में नहीं बनता है, बल्कि उसे बहुत सारी यादों से संजोया जाता है. इसमें सागरिका की कोल्हापुर वाली शाही विरासत की खुशबू भी है और आधुनिकता भी. चलिए, आपको ले चलते हैं जहीर और सागरिका के उस 'सपनों के महल' की सैर पर, जहां पर वो अपने बेटे फतेह सिंह खान के साथ रहते हैं.
(All Photos: Instagram/@sagarikaghatge)
कोल्हापुर की यादें और 'स्लो लिविंग' का जादू
सागरिका का मानना है कि घर एक दिन में नहीं बनता. उन्होंने जनवरी 2026 में इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए शेयर किया था कि उनके मुंबई के घर में उनके कोल्हापुर के घर की झलक है. कोल्हापुर में उन्होंने अपना बचपन बिताया.
घर में झलकती है रॉयलटी
सागरिका घाटगे का रॉयल कनेक्शन किसी से छिपा नहीं है. एक्ट्रेस महाराष्ट्र के कोल्हापुर के एक मशहूर शाही घराने से ताल्लुक रखती हैं. उनके पिता विजयसिंह घाटगे कागल (Kagal) के शाही परिवार से हैं और वो कोल्हापुर के शाहू महाराज के रिश्तेदार हैं. इतना ही नहीं, उनकी दादी सीता राजे घाटगे इंदौर के तुकोजीराव होल्कर तृतीय की पुत्री थीं. ऐसे में सागरिका और जहीर के घर में शाही अंदाज साफ झलकता है.
सागवान की लकड़ी और मखमली सोफे से सजा है घर
जैसे ही आप जहीर खान और सागरिका घाटगे के घर में घुसते हैं, वैसे ही आपको पुराने जमाने की भव्यता महसूस होगी. यहां भारी सागवान (Teakwood) के दरवाजे और नक्काशीदार अलमारियां हैं. घर के लिविंग रूम में डार्क ग्रीन कलर का एक शानदार सोफा रखा है, जो वेलवेट का है. वेलवेट फैब्रिक रॉयलटी को दर्शाता है. इसके साथ ही जमीन पर बिछे ईरानी कालीन (Persian rugs) और फूलों वाली कढ़ाई के कुशन घर को एक रॉयल लुक देते हैं.
मेमोरी वॉल पर लगी तस्वीरें
घर का एक कमरा ऐसा है, जिसे जहीर और सागरिका की यादों का कमरा कहा जा सकता है. इस कमरे की दीवारें डार्क ब्लू कलर की हैं, जहां फर्श से छत तक कपल ने एक मेमोरी वॉल बनाई है.
इस दीवार पर कपल की जिंदगी के हर छोटे-बड़े पल की तस्वीरें लगी हैं. घर का ये हिस्सा कांच के दरवाजों से अलग किया गया है, जो घर को मॉडर्न और क्लासी लुक देता है.
घर का मंदिर बनाता है इसे और खूबसूरत
दिवाली और गुड़ी पड़वा जैसे त्योहारों के समय जहीर और सागरिका का ये खूबसूरत घर किसी महल जैसा दिखने लगता है. डार्क मैरून दीवारें और काले-सफेद मार्बल वाला फर्श एक अलग ही खूबसूरती दर्शाता है.
इसे साथ ही, घर के अंदर बेहद खूबसूरत मंदिर है, जो घर की शांति और सकारात्मकता को बढ़ाता है. त्योहारों के समय घर के इस कोने को फूलों से सजाया जाता है, जिससे घर की खूबसूरती और ज्यादा बढ़ जाती है.
बेटे फतेहसिंह और डॉग्स के लिए खास इंतजाम
घर सिर्फ दिखने में सुंदर नहीं, बल्कि बेहद आरामदायक भी है. छोटे से बेटे फतेहसिंह और दो पालतू कुत्ते के लिए जहीर और सागरिका ने घर में बहुत सी आरामदायक चीजें लगाई हैं. उन्होंने सोफे का कपड़ा ऐसा चुना जो उनके पालतू कुत्तों के बैठने उठने से खराब न हो पाए.
बेडरूम में की गई खास सजावट
जहां घर के अलग-अलग कमरों में अलग-अलग डार्क कलर्स का इस्तेमाल किया गया है, वहीं जहीर और सागरिका ने बेडरूम को बहुत ही सिंपल रखा है. उनके बेडरूम में सागवान की लकड़ी से बना एक शानदार फोर-पोस्टर बेड है.
इस बेड के चारों कोनों पर लगे ऊंचे खंभे लगे हैं और उन पर बेहद पतले कपड़े से बने पर्दे लगे हैं. इसके साथ ही बेडरूम की दीवारों पर चिड़ियों वाला आर्टवर्क किया गया है, जो इसे और खूबसूरत बनाता है.