What Is The Right Time To Add Salt In Sabji: खाना बनाना एक कला है, जिसमें हर स्टेप का ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है. किसी भी स्टेप में जरा सी चूक खाने के स्वाद को पूरी तरह से खराब कर देती है और आपकी मेहनत पर भी पानी फेर देती है. ऐसे में जब भी कोई खाना पकाने चलता है तो मसाले डालने से लेकर कई चीजों का ध्यान रखता है, लेकिन नमक यूं ही डाल देते हैं. दरअसल, लोग अक्सर सोचते हैं कि सब्जी बनाते समय नमक कब डालना है, इससे क्या फर्क पड़ता है.
लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि नमक डालने का समय सब्जी के स्वाद, रंग और बनावट पर सीधा असर डालता है. अगर नमक बहुत जल्दी या बहुत देर से डाला जाए, तो अच्छी-भली सब्जी का मजा खराब हो सकता है. ऐसे में नकम डालने का सही समय पता होना बहुत जरूरी है. आज हम आपको बताते हैं कि किस तरह की सब्जी में नमक डालने का सही समय क्या होता है.
जल्दी नमक डालने से क्या हो सकता है नुकसान?
1. सब्जी ज्यादा सॉफ्ट हो सकती है: लौकी, तोरई या पालक जैसी पानी से भरपूर सब्जियों में शुरुआत में ही नमक डालने से उनका पानी बाहर निकलने लगता है. इससे सब्जी जरूरत से ज्यादा गल सकती है और उसका टेक्शचर खराब हो सकता है.
2. हरा रंग पड़ सकता है फीका: हरी पत्तेदार सब्जियों में जल्दी नमक डालने से उनका हरा रंग धीरे-धीरे फीका पड़ सकता है. पालक, मेथी और बीन्स जैसी सब्जियों में ये असर आसानी से देखा जा सकता है.
3. पोषक तत्व भी हो सकते हैं कम: जब सब्जियां ज्यादा पानी छोड़ती हैं, तो उनमें मौजूद कुछ जरूरी विटामिन और पोषक तत्व भी उस पानी के साथ कम हो सकते हैं. इससे सब्जी की पौष्टिकता घट जाती है.
बहुत देर से नमक डालना भी सही नहीं
अगर सब्जी लगभग तैयार होने के बाद नमक डाला जाए, तो कई बार वो अच्छी तरह मिल नहीं पाता. ऐसे में कुछ हिस्सों में नमक ज्यादा लगता है, जबकि कुछ हिस्सों में नमक कम महसूस होता है. इससे सब्जी का स्वाद बिगड़ जाता है.
किस सब्जी में कब डालें नमक?
1. सूखी सब्जियों में: आलू, भिंडी और परवल जैसी सूखी सब्जियों में मसाले भूनने के बाद और सब्जी डालने के कुछ मिनट बाद नमक डालना बेहतर माना जाता है.
2. ज्यादा पानी छोड़ने वाली सब्जियों में: लौकी, टिंडा और तोरई जैसी सब्जियों को पहले थोड़ा भूनना सही रहता है. इसके बाद नमक डालें, ताकि वो जरूरत से ज्यादा पानी न छोड़ें.
3. हरी पत्तेदार सब्जियों में: पालक, मेथी और सरसों जैसी सब्जियों में नमक तब डालें जब सब्जियां लगभग पक चुकी हो. आखिर के कुछ मिनटों में डालने से इन सब्जियों का स्वाद अच्छा रहता है. इससे उनका रंग और स्वाद दोनों बने रहते हैं.
4. कुकर में बनने वाली सब्जियों में: अगर सब्जी प्रेशर कुकर में बन रही है, तो कुकर बंद करने से ठीक पहले नमक डालना सबसे अच्छा तरीका माना जाता है.
नमक की मात्रा पर भी रखें ध्यान
नमक डालने का सिर्फ सही समय ही नहीं, बल्कि उसकी सही मात्रा भी जरूरी है. ज्यादा नमक खाने का स्वाद बिगाड़ने के साथ-साथ सेहत पर भी असर डाल सकता है. इसलिए हमेशा नमक थोड़ा कम डालें, जरूरत पड़ने पर बाद में बढ़ाया जा सकता है.