How to Thicken Thin Gravy: खाना पकाना अपने आप में एक कला है, जिसमें स्वाद, खुशबू और सही टेक्शचर तीनों की खास जगह होती है. लेकिन कई बार पूरी मेहनत से सब्जी बनाने के बावजूद एक छोटी-सी गलती सारा मजा खराब कर देती है. अक्सर जल्दबाजी में या अंदाज से पानी डालने के कारण सब्जी की ग्रेवी जरूरत से ज्यादा पतली हो जाती है. ये गलती ना केवल सब्जी का स्वाद बिगाड़ती है, बल्कि देखने में भी अच्छी नहीं लगती है.
अगर आपके साथ भी अक्सर ऐसा होता है और आप उस सब्जी को बेकार समझकर फेंक देते हैं, तो रुक जाएं. आज हम आपके लिए कुछ ऐसी ट्रिक्स लेकर आए हैं, जिनकी मदद से आप अपनी सब्जी को फिर से गाढ़ा कर सकते हैं. सब्जी की ग्रेवी पतली हो गई है तो घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. आपकी रसोई में मौजूद कुछ आम चीजें ही इस समस्या को हल कर सकती हैं. इससे ना सब्जी गाढ़ी होता है, बल्कि स्वाद भी कई गुना बढ़ जाता है.
1. बेसन का करें इस्तेमाल: सब्जी को गाढ़ा बनाने के लिए जिन चीजों का इस्तेमाल किया जाता है उनमें सबसे पहले बेसन का नाम आता है. अगर ग्रेवी बहुत ज्यादा पतली हो गई है तो थोड़ा सा भुना हुआ बेसन डाल सकते हैं. बेसन ग्रेवी को जल्दी गाढ़ा करता है और उसका स्वाद भी बढ़ा देता है. लेकिन आपको ध्यान रखना होगा कि सब्जी में बेसन डालने पर गांठें न पड़ें. इसके लिए आपको सब्जी को लगातार चलाते रहना होगा.
2. कॉर्नफ्लोर का घोल मिलाएं: कॉर्नफ्लोर पतली ग्रेवी को गाढ़ा करने का सबसे आसान तरीका माना जाता है. इसके लिए एक चम्मच कॉर्नफ्लोर को थोड़ा ठंडा पानी मिलाकर एक घोल तैयार करना होगा. इसके बाद फिर उसे धीरे-धीरे ग्रेवी में मिलाएं. कुछ मिनट पकाने के बाद ग्रेवी का टेक्श्चर बेहतर हो जाता है.
3. काजू या मूंगफली का पेस्ट डालें: आप अपनी सब्जी को काजू, मूंगफली या बाकी ड्राई फ्रूट्स का पेस्ट डालकर भी गाढ़ा कर सकते हैं. ये सब्जी को गाढ़ा करने के साथ-साथ उसे रिच और क्रीमी स्वाद भी देता है.
4. उबले आलू का सहारा लें: घर में कॉर्नफ्लोर या बेसन न हो तो उबले हुए आलू को मैश करके ग्रेवी में मिला सकते हैं. आलू में मौजूद स्टार्च ग्रेवी को नेचुरल रूप से गाढ़ा बनाता है और स्वाद पर भी ज्यादा असर नहीं पड़ता है.
5. ग्रेवी को थोड़ा और पकाएं: कई बार किसी चीज को मिलाने की जरूरत ही नहीं पड़ती. बस ग्रेवी को कुछ देर धीमी आंच पर खुला पकने दें. एक्स्ट्रा पानी भाप बनकर उड़ जाएगा और ग्रेवी अपने आप गाढ़ी होने लगेगी.
6. दाल या सब्जियों की प्यूरी मिलाएं: अगर आप हेल्दी तरीका अपनाना चाहते हैं तो पकी हुई दाल या सब्जियों की प्यूरी ग्रेवी में मिला सकते हैं. इससे ग्रेवी गाढ़ी भी हो जाती है और उसमें पोषण भी बढ़ जाता है.
7. दही या क्रीम डालें: कुछ सब्जियों में फेंटी हुई दही, मलाई या क्रीम मिलाने से ग्रेवी की बनावट गाढ़ी और मुलायम हो जाती है. इससे स्वाद भी और ज्यादा लाजवाब हो जाता है.