आजकल सभी लोग हेल्दी लाफइस्टाल जीना चाहते हैं. अपने आपको फिट और एक्टिव रखने के लिए वो न केवल एक्सरसाइज करते हैं, बल्कि हेल्दी फूड्स भी खाते हैं. हेल्दी फूड्स और लाइफस्टाइल की बात हो और प्लांट-बेस्ड चीजों का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता. प्लांट-बेस्ड फूड्स लोगों के बीच इन दिनों काफी पॉपुलर हो रहे हैं. इनमें प्लांट-बेस्ड दूध भी शामिल हैं.
अगर आप भी दूध का कोई हेल्दी और आसानी से मिलने वाला ऑप्शन ढूंढ रहे हैं, तो रागी मिल्क आपके लिए एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. खास बात ये है कि ये दूध न सिर्फ कैल्शियम से भरपूर है, बल्कि ग्लूटेन फ्री और लैक्टोज फ्री भी होता है. यानी जिन्हें गाय का दूध नहीं पचता या डॉक्टर ने उन्हें पीने से मना किया है, उनके लिए ये किसी वरदान से कम नहीं है. आज हम आपको घर पर रागी का दूध बनाना सिखाएंगे. खास बात ये है कि ये आप मजह 10 रुपये में 1 लीटर दूध बना पाएंगे. जी हां, आपने अब तक बहुत खा ली रागी की रोटी और पराठे..अब चलिए सीखते हैं कैसे रागी से दूध बना सकते हैं.
क्या है रागी का दूध?
रागी एक पौष्टिक अनाज है. अब तक आपने इसकी रोटी या डोसा खाया होगा, लेकिन इससे दूध भी बनाया जा सकता है वो भी घर पर, बिना किसी केमिकल के.
घर पर रागी का दूध कैसे बनाएं?
रागी का दूध बनाना बहुत ही आसान है.
1. रागी को साफ करके भिगोएं: रागी का दूध बनाने के लिए आपको सबसे पहले आधा कप रागी लेनी है और फिर उसे खूब अच्छी तरह धोना है. 2-3 बार पानी में अच्छे से धोने से इसकी गंदगी निकल जाती है. इसके बाद धुली हुई रागी को कम से कम 8 घंटे या रातभर भिगो दें.
2. मिक्सी में पीसें: अब रातभर भीगी हुई रागी को मिक्सी में डालें. अगर आप दूध में स्वाद जोड़ना चाहते हैं तो उसमें 2 इलायची और थोड़ा नारियल भी डाल सकते हैं. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए अच्छे से पीस लें. ध्यान रहे आपको तब-तक पीसना है जब-तक इसका स्मूद पेस्ट नहीं बन जाता.
3. छानने का प्रोसेस: इसे अच्छे से पीसने के बाद इसे छन्नी से छान लें ताकि छिलके अलग हो जाएं. फिर चाहें तो मलमल के कपड़े में दोबारा छान लें. इससे एकदम स्मूद दूध तैयार हो जाएगा. इस तरह आप करीब 700–800 ml रागी का दूध बना सकते हैं.
रागी के दूध को आप बनाकर फ्रिज में रखें. इसे आप जब भी बनाएं तभी या फिर अगले दिन तक पी लें. दरअसल, इसे 24 घंटे के अंदर इस्तेमाल कर लेना चाहिए. ज्यादा देर रखने पर इसका स्वाद और टेक्सचर बदल सकता है.
रागी के दूध से क्या-क्या बना सकते हैं?
रागी के दूध की खासियत ये है कि इसे सिर्फ दूध की तरह नहीं पिया जाता. आप इससे कई टेस्टी चीजें बनाई जा सकती हैं.
1. हेल्दी स्मूदी: आप रागी के दूध में केला, सेब और ड्राई फ्रूट्स मिलाकर स्मूदी बना सकते हैं. अगर आपको डायबिटीज है तो आप इसे बिना चीनी के पी सकते हैं.
2. कोल्ड कॉफी: रागी के दूध में कॉफी, बर्फ और थोड़ी चीनी मिलाकर कैफे जैसी कोल्ड कॉफी तैयार कर सकते हैं.
3. शेक्स: आप नॉर्मल दूध की तरह ही इसका इस्तेमाल करके आम, स्ट्रॉबेरी या चीकू के टेस्टी शेक बना सकते हैं.
4. चाय: अगर चाय पीने का मन है तो तैयार चाय में थोड़ा रागी का दूध मिलाकर पी सकते हैं.
5. दलिया: रागी के दूध को आप हल्का गर्म करके इसमें फल, कॉर्नफ्लेक्स या दलिया मिलाकर खा सकते हैं.