खट्टा भी, मीठा भी! पंजाबी ढाबे वाला नींबू अचार, अब घर पर करें तैयार, नोट कर लें ये आसान रेसिपी
क्या आप भी ढाबे वाले खट्टे-मीठे नींबू के अचार के दीवाने हैं? अब आप घर पर ही वही लाजवाब टेस्ट वाला अचार बना सकते हैं. गुड़ और खास मसालों से तैयार यह अचार न केवल टेस्टी है, बल्कि लंबे समय तक खराब भी नहीं होता. आज ही आजमाएं यह आसान रेसिपी.
Advertisement
X
दाल-भात के साथ चटनी-अचार अच्छा लगता है. (PHOTO:ITG)
Lemon-Jaggery Pickle Recipe:भारतीय खाने में चटनी, रायता और अचार का अपना एक अलग ही फैन बेस होता है, इन सबके बिना खाना अधूरा लगने लगता है. पंजाबी ढाबों में तो पराठों और बिरयानी के साथ अक्सर खट्टा-मीठा नींबू का अचार दिया जाता है, जो घर में बनने वाले नींबू के अचार से थोड़ा अलग जरूर होता है. जब भी आप किसी पंजाबी ढाबे पर जाते हैं तो खूब चटकारे लेकर इस अचार को लुफ्त उठाते हैं, लेकिन घर वाले अचार में वो स्वाद नहीं मिलता है.
ढाबे वाला खट्टा-मीठा नींबू का अचार खाने में जितना स्वादिष्ट होता है, उतना ही लाजवाब उसका कलर और खुशबू भी होती है. गरमा-गरम पराठे, दाल-चावल या सादी रोटी के साथ जब यह अचार प्लेट में आता है, तो भूख अपने आप दोगुनी हो जाती है. लेकिन अब अच्छी बात यह है कि वही ढाबा-स्टाइल स्वाद आप घर पर भी आसानी से बना सकते हैं. खासकर सर्दियों से जाने से पहले इस अचार को आप बनाकर रख लीजिए और लंबे समय तक इसका मजा लीजिएगा.
सबसे पहले 1 किलो ताजे और पतले छिलके वाले नींबू लें. उन्हें अच्छी तरह धोकर सूखे कपड़े से पोंछ लें ताकि नमी बिल्कुल न रहे.
उसके बाद नींबू को चार टुकड़ों में काट लें और उसके बीज हटा दीजिए. फिर एक बड़े बाउल में नींबू के टुकड़े डालें और उसमें लगभग 200 ग्राम नमक मिलाकर अच्छे से मिक्स करें.
इसे कांच के जार में भरकर 4-5 दिन धूप में रखें. बीच-बीच में जार को हिलाते रहें ताकि नमक हर टुकड़े में अच्छे से समा जाए और नींबू हल्के नरम हो जाएं.
उसके बाद आपको एक पैन में 2 बड़े चम्मच मेथी दाना और 1 बड़ा चम्मच सौंफ हल्का भून लें. ठंडा होने पर इसे दरदरा पीस लें.
इसके बाद 1 बड़ा चम्मच हल्दी, 2 बड़े चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच काला नमक और 250-300 ग्राम गुड़ मिलाएं.
अगर आपको खट्टे से ज्यादा मीठा पसंद है तो आप अचार में गुड़ की मात्रा बढ़ा सकते हैं. इस मसाले को नींबू में अच्छी तरह मिला दीजिए.
आखिर में 1 कप सरसों का तेल धुआं निकलने तक गर्म करें और ठंडा होने पर अचार में डाल दें. तेल इतना होना चाहिए कि नींबू पूरी तरह उसमें डूबे रहें. क्योंकि इससे अचार लंबे समय तक खराब नहीं होता है.
तेल डालने के बाद जार को फिर से 7-10 दिन धूप में रखें. कुछ ही दिनों में नींबू का रंग डार्क हो जाएगा और मसाले का खट्टा-मीठा स्वाद अंदर तक उतर जाएगा. तो समझ लीजिए कि अचार बनकर तैयार है और इसे आप किसी भी डिश के साथ खा सकते हैं.