Dry Fruits Halwa Recipe: बिना चीनी-गुड़ ड्राई फ्रूट्स से बनाएं टेस्टी हलवा, सर्दियों के लिए है बेस्ट मिठाई
Dry Fruits Halwa Recipe: सर्दियों में मीठा खाने का मन हो तो घर पर ड्राई फ्रूट्स हलवा बनाकर खा सकते हैं. खजूर, अंजीर और कई तरह के मेवों से तैयार यह हलवा बिना गुड़ या चीनी के बन जाता है. इसे बनाना बेहद आसान है और आप चाहें तो जमाकर बर्फी की तरह भी परोस सकते हैं.
Advertisement
X
घर पर बनाएं टेस्टी ड्राई फ्रूट्स हलवा (Photo- ITG)
Dry Fruits Halwa Recipe: सर्दियों में कुछ मीठा और हेल्दी खाने का मन हो तो आप घर पर ड्राई फ्रूट्स हलवा बना सकते हैं. यह हलवा खजूर, अंजीर, काजू, बादाम, अखरोट और पिस्ता जैसे ड्राई फ्रूट्स से तैयार होता है. इसका स्वाद लाजवाब होता है और इसे बनाने में भी ज्यादा समय नहीं लगता. खास बात यह है कि इस हलवे में गुड़ या चीनी डालने की जरूरत नहीं पड़ती, क्योंकि खजूर और अंजीर से इसमें प्राकृतिक मिठास आती है. आप इसे त्योहारों पर या जब भी कुछ मीठा खाने का मन हो, आसानी से बना सकते हैं. इतना ही नहीं, हलवे को प्लेट में जमाकर बर्फी के आकार में भी काट सकते हैं. आइए जानते हैं ड्राई फ्रूट्स हलवा बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है और इसे बनाने का आसान तरीका क्या है.
ड्राई फ्रूट्स हलवा बनाने के लिए सबसे पहले खजूर को अच्छी तरह धो लें. इसके बाद उनकी गुठलियां निकालकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब अंजीर को भी बारीक काट लें. इसके बाद काजू, बादाम, अखरोट और पिस्ता को छोटे टुकड़ों में काट लें.
अब मिक्सर जार में काजू, बादाम, अखरोट और पिस्ता डालकर दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि ड्राई फ्रूट्स को बारीक पाउडर नहीं बनाना है. इन्हें हल्का दरदरा ही रखें, ताकि हलवे में इनका स्वाद और क्रंच बना रहे.
इसके बाद मिक्सर जार में खजूर और अंजीर डालें. इसमें दूध और देसी घी मिलाकर अच्छी तरह पीस लें. इससे एक गाढ़ा पेस्ट तैयार हो जाएगा.
अब कड़ाही में बचा हुआ घी गर्म करें. इसमें सबसे पहले दरदरे पिसे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर हल्का भून लें. इसके बाद खजूर और अंजीर का पेस्ट डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसे धीमी से मीडियम आंच पर लगातार चलाते हुए 4-5 मिनट तक पकाएं.
जब मिश्रण अच्छी तरह पक जाए और उसमें से खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें. हलवे को थोड़ा ठंडा होने दें. आपका स्वादिष्ट ड्राई फ्रूट्स हलवा तैयार है. इसे गर्मागर्म परोस सकते हैं या फिर किसी प्लेट में फैलाकर सेट होने दें और बर्फी की तरह टुकड़ों में काटकर सर्व करें.