scorecardresearch
 

Chakli Recipe: बिना मशीन-सांचे के बेसन और पोहा से बनाएं क्रिस्पी चकली, मिनटों में होगा तैयार

Chakli Recipe: शाम की चाय के साथ कुछ कुरकुरा खाने का मन हो तो घर पर बिना सांचे के चकली और कुलकुल जैसे स्नैक्स बना सकते हैं. बेसन, पोहा और कुछ मसालों से तैयार होने वाले ये स्नैक्स खाने में टेस्टी होते हैं. इन्हें अलग-अलग आकार देना भी आसान है और ठंडा होने के बाद एयरटाइट डिब्बे में स्टोर कर सकते हैं.

Advertisement
X
क्रिस्पी चकली रेसिपी (Photo- ITG)
क्रिस्पी चकली रेसिपी (Photo- ITG)

Chakli Recipe: शाम की चाय के साथ कुछ कुरकुरा और चटपटा खाने का मन हो तो चकली बेस्ट ऑप्शन है. आमतौर पर चकली बनाने के लिए खास सांचे की जरूरत पड़ती है लेकिन क्या आप जानते हैं कि बिना सांचे के भी अलग-अलग आकार की चकली और स्नैक्स तैयार किए जा सकते हैं. इसके लिए आपको बेसन, पोहा और कुछ मसालों की जरूरत होगी.

एक ही आटे से आप चकली, रिंग और कुलकुल जैसी अलग-अलग शेप के स्नैक्स बना सकते हैं. इन्हें बनाना भी काफी आसान है. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी और बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी.

इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)

2 कप बेसन

1 कप पोहा पाउडर

1 बड़ा चम्मच रवा पाउडर

1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का रस

आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर

1 छोटा चम्मच पापड़ खार

1 छोटा चम्मच घी

आधा छोटा चम्मच देगी लाल मिर्च पाउडर

1 छोटा चम्मच पिसी हुई चीनी (ऑप्शनल)

2 छोटे चम्मच गर्म तेल

स्वादानुसार नमक

1 कप पानी

तलने के लिए तेल

बिना सांचे के चकली बनाएंगे कैसे?

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में बेसन, पोहा पाउडर और रवा पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें अदरक-लहसुन का रस, काली मिर्च पाउडर, पापड़ खार, घी और नमक डालें. इसके बाद देगी लाल मिर्च पाउडर और पानी मिलाकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें. अब इसमें गर्म तेल और पिसी हुई चीनी डालकर दोबारा गूंथ लें. इस तरह चकली बनाने के लिए आटा तैयार हो जाएगा.

Advertisement

इस तरह दें 4 अलग-अलग शेप

रिंग शेप
आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. अब एक लोई लेकर उसे हाथों से लंबा रोल करें. इसके दोनों सिरों को आपस में जोड़कर गोल रिंग बना दें. जोड़ को अच्छी तरह दबाएं, ताकि तलते समय यह खुले नहीं.

साधारण चकली
थोड़ा सा आटा लें और उसे हाथों से दबाकर मनचाहा आकार दें. आप इसे छोटी गोल या घुमावदार शेप दे सकते हैं.

कुलकुल शेप
एक कांटे के पीछे थोड़ा तेल लगाएं. आटे की छोटी लोई को कांटे पर दबाकर चपटा करें. अब इसे कांटे की नोक की तरफ से धीरे-धीरे रोल करें. इससे आटे पर धारियां बन जाएंगी और कुलकुल जैसी शेप तैयार हो जाएगी.

मनपसंद शेप
बचे हुए आटे से आप अपनी पसंद के छोटे-छोटे आकार बना सकते हैं. इसके लिए हाथों से आटे को रोल करके मोड़ें या गोल आकार दें.

चकली तलने का तरीका
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर आंच मध्यम कर दें. तैयार चकली और कुलकुल को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में तेल में डालें. इन्हें पलटते हुए हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. ध्यान रखें कि इन्हें मध्यम आंच पर ही तलें, ताकि ये अंदर तक अच्छी तरह पक जाएं.

तलने के बाद इन्हें पेपर नैपकिन पर निकाल लें, ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए. ठंडा होने पर इन्हें एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख सकते हैं. शाम की चाय के साथ इन कुरकुरे स्नैक्स का मजा लें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement