
Karwa Chauth 2026: करवा चौथ पर महिलाएं अपने शृंगार से लेकर पूजा की थाली तक हर चीज का खास ध्यान रखती हैं. इस दिन पूजा के लिए खास थाली, लोटा और दिया सुहागनें खरीदकर लाती हैं, जहां पहले मिट्टी का बना लोटा इस्तेमाल किया जाता था. अब वहीं, बाजार में कई तरह की डिजाइनर थालियां, लोटा और दिया मिलने लगे हैं, जिनकी कीमत भी काफी ज्यादा होती है.
ऐसे में आप घर पर रखी साधारण स्टील या पीतल की थाली को भी खूबसूरत बना सकते हैं. इसके लिए घुंघरू, गोल्डन लेस, गोटा और लाल-पीले कलावे जैसी चीजों का इस्तेमाल कर सकती हैं. इनकी मदद से कम खर्च में थाली को पारंपरिक और शानदार लुक दिया जा सकता है. आइए पूजा की थाली सजाने के आसान तरीके जानते हैं.
घुंघरू और गोल्डन लेस से सजाएं थाली
अगर आप करवा चौथ पर पूजा की थाली को रॉयल और पारंपरिक लुक देना चाहती हैं, तो घुंघरू और गोल्डन लेस वाला डिजाइन चुन सकती हैं. इसके लिए एक साधारण थाली लें और उसके किनारों को अच्छी तरह साफ कर लें. अब थाली के बाहरी किनारे पर सुनहरी गोटा-लेस चिपकाएं. इसके बाद पूरी थाली पर गुलाबी या लाल रंग की खूबसूरत लेस चिपका दें और फिर बीच में घुंघरू को धागे की मदद से थाली पर लगाएं.
आप चाहें तो थाली के साथ करवा और छलनी को भी इसी तरह सजा सकती हैं. इसके लिए लाल या गुलाबी रंग की डोरी, सुनहरे मोती और गोटा-लेस का इस्तेमाल करें. गुलाबी रंग के साथ गोल्डन सजावट काफी अच्छी लगती है. अगर आप थोड़ी और सजावट करना चाहती हैं, तो थाली के एक कोने पर छोटा-सा सजावटी हार्ट या फूल भी लगा सकती हैं. इस तरह आपकी साधारण थाली खूबसूरत डिजाइनर थाली जैसी दिखेगी.

कलावे से बनाएं लाल-पीले रंग की डिजाइन वाली थाली
अगर आप कम खर्च में घर पर ही डिजाइनर पूजा की थाली बनाना चाहती हैं, तो लाल और पीले कलावे से धारियों वाला डिजाइन बना सकती हैं. इसके लिए एक साधारण स्टील या पीतल की थाली लें. सबसे पहले इसके किनारों पर सुनहरी लेस लगाएं. अब थाली के अंदर लाल और पीले रंग के कलावे को एक के बाद एक सीधी लाइन में चिपकाएं. इस तरह पूरी थाली में लाल-पीली धारियों वाला सुंदर डिजाइन तैयार हो जाएगा.
थाली को और बेहतरीन बनाने के लिए इसके किनारों पर सुनहरे मोती या बारीक गोटा-लेस लगा सकती हैं. अगर आपके पास लाल और पीले कलर का कलावा नहीं है, तो अपनी पसंद के दूसरे रंगों की सजावटी डोरी भी इस्तेमाल कर सकती हैं. इसी डिजाइन को आप छोटे करवे या पूजा में इस्तेमाल होने वाले दूसरे बर्तनों पर भी बना सकती हैं.

थाली सजाते समय इन बातों का रखें ध्यान
थाली सजाने के लिए ऐसी लेस और डेकोरेटिव चीजें चुनें, जो आसानी से चिपक जाए और जल्दी निकले नहीं. गोंद का इस्तेमाल करते समय ध्यान रखें कि वह पूजा की सामग्री के संपर्क में न आए. सजावट पूरी होने के बाद गोंद को अच्छी तरह सूखने दें. थाली के बीच में पर्याप्त जगह जरूर छोड़ें, ताकि उसमें रोली, चावल, दीपक, मिठाई और दूसरी जरूरी चीजें आसानी से रखी जा सकें.