scorecardresearch
 

Switchboard Cleaning Tips: गंदे और पीले पड़ गए हैं स्विचबोर्ड? किचन की इन 7 चीजों से करें सफाई, मिनटों में चमक उठेंगे

How To Clean Yellow-Greasy Switchboards: दीवारों पर लगे स्विचबोर्ड पर धीरे-धीरे धूल, तेल और उंगलियों के निशान जमा होने लगते हैं, जिससे वे गंदे और पुराने दिखने लगते हैं. खासकर किचन के आसपास लगे स्विचबोर्ड पर चिकनाई जमने से उनकी सफाई करना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में घर में मौजूद कुछ आम चीजें सफाई में मदद कर सकती हैं. हालांकि, स्विचबोर्ड साफ करते समय बिजली से जुड़ी सुरक्षा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है.

Advertisement
X
स्विचबोर्ड्स को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा का इस्तेमाल किया जा सकता है. (Photo: ITG)
स्विचबोर्ड्स को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा का इस्तेमाल किया जा सकता है. (Photo: ITG)

घर की सफाई करते समय हम फर्श, किचन, खिड़कियों और फर्नीचर पर तो लोग खूब ध्यान देते हैं, लेकिन एक ऐसी चीज भी है जिसकी सफाई को टाला जाता रहता है. ये दीवारों पर लगे स्विचबोर्ड होते हैं. स्विचबोर्ड्स को साफ करना लोग अक्सर भूल जाते हैं या फिर उनकी सफाई को टालते रहते हैं. लाइट, पंखे और दूसरे इलेक्ट्रिक गैजेट्स चलाने के लिए दिनभर इस्तेमाल होने वाले ये स्विचबोर्ड धीरे-धीरे गंदे और पीले पड़ने लगते हैं. खासकर रसोई के आसपास लगे स्विचबोर्ड पर धूल के साथ तेल और चिकनाई भी जम जाती है, जिससे वे चिपचिपे दिखने लगते हैं.

ऐसे में कई बार लोग इन्हें साफ करने के लिए महंगे क्लीनर खरीद लेते हैं, जबकि रसोई में मौजूद कुछ आम चीजों से भी सफाई में मदद मिल सकती है. जी हां, रसोई में रखी कुछ चीजों से आप आसानी से गंदे, पीले और मैले हो चुके स्विचबोर्ड्स को नए जैसा चमका सकते हैं. हालांकि, स्विचबोर्ड की सफाई करते समय सावधानी बरतना बहुत जरूरी है. आइए जानते हैं ऐसे 7 आसान तरीके, जिनसे स्विचबोर्ड की गंदगी हटाने में मदद मिल सकती है.

1. बेकिंग सोडा से हटाएं जिद्दी दाग: रसोई में रखा बेकिंग सोडा सिर्फ खाना बनाने में ही काम नहीं आता है, बल्कि ये कई चीजों को साफ करने के लिए भी इस्तेमाल किया जाता है. स्विचबोर्ड्स भी बेकिंग सोडा से आसानी से साफ किए जा सकते हैं. उनके आसपास की गंदगी हटाने के लिए इसका इस्तेमाल किया जा सकता है.

इसका गाढ़ा पेस्ट बनाकर मुलायम कपड़े या पुराने टूथब्रश की मदद से स्विचबोर्ड पर हल्के हाथों से रगड़ें. इससे जमी हुई गंदगी हटाने में मदद मिलती है और उनकी चमक वापस आ सकती है.

Advertisement

2. सफेद सिरके से साफ करें चिकनाई: सफेद सिरके में एसिडिक गुण होते हैं, जो कुछ तरह के दाग और चिकनाई हटाने में मदद कर सकते हैं. इसका इस्तेमाल करके स्विचबोर्ड साफ करने के लिए एक कपड़े पर थोड़ा सिरका लगाएं और फिर उससे सफाई करें.

3. नींबू के रस से दूर करें पीलापन: नींबू के रस का इस्तेमाल घर में कई तरह के दाग साफ करने के लिए किया जाता है. इसके एसिडिक गुण कुछ सतहों पर दाग कम करने में मदद कर सकते हैं. इसके रस का इस्तेमाल हल्के दाग और पीलापन कम करने के लिए किया जा सकता है. इसे सीधे स्विचबोर्ड पर डालने की बजाय कपड़े पर लगाकर इस्तेमाल करना सही रहता है.

4. नमक: नमक का इस्तेमाल स्क्रब की तरह किया जा सकता है. ये जमी हुई गंदगी को छुड़ाने में मदद कर सकता है. कई लोग इसे नींबू या सिरके के साथ मिलाकर सफाई करने के लिए भी इस्तेमाल करते हैं.

5. डिशवॉश लिक्विड: बर्तन धोने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला डिशवॉश लिक्विड घर के स्विचबोर्ड्स को चमकाने के काम भी आ सकता है. ये तेल और चिकनाई हटाने में मददगार होता है. इसकी कुछ बूंदों को पानी में मिलाकर कपड़े से स्विचबोर्ड साफ किया जा सकता है.

6. टूथपेस्ट: टूथपेस्ट का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है. ये सिर्फ दांतों के लिए ही नहीं, बल्कि सफाई के लिए भी इस्तेमाल किया जाता है. थोड़ी मात्रा में टूथपेस्ट लगाकर सॉफ्ट ब्रश से हल्के हाथों से साफ करने पर दाग कम हो सकते हैं.

7. चावल का आटा: चावल का आटा भी एक्स्ट्रा तेल और धूल को सोखने में मदद कर सकता है. इसे सूखे कपड़े के साथ इस्तेमाल किया जा सकता है, खासकर तब जब स्विचबोर्ड पर ज्यादा चिकनाई जमी हो.

स्विचबोर्ड साफ करते समय इन बातों का रखें ध्यान
स्विचबोर्ड साफ करते समय ये ध्यान रखें कि बिजली की स्पलाई हमेशा कटी हुई हो. सिर्फ स्विच बंद करने से बिजली पूरी तरह बंद नहीं होती. इसलिए सफाई से पहले मेन स्विच या सर्किट ब्रेकर से बिजली बंद कर दें.

Advertisement

स्विचबोर्ड पर सीधे पानी, सिरका, नींबू का रस या कोई लिक्विड न डालें. गीले हाथों से स्विच न छुएं और बिजली चालू होने पर सफाई बिल्कुल न करें. अगर बोर्ड के अंदर गंदगी हो, वो ढीला हो या उस पर जलने के निशान दिखें, तो खुद सफाई करने के बजाय इलेक्ट्रिशियन को बुलाएं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement