भारत की शक्तिशाली सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. ब्रह्मोस एयरोस्पेस के सीईओ डॉ. जयतीर्थ आर. जोशी ने बताया कि इस मिसाइल को अब पूरी तरह से स्वदेशी बनाने के मिशन पर तेजी से काम किया जा रहा है. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ब्रह्मोस ने अपनी अचूक मारक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए दुश्मन के अहम ठिकानों को तबाह कर दिया था. इस सफल प्रदर्शन के बाद वैश्विक स्तर पर ब्रह्मोस की मांग और प्रतिष्ठा में काफी इजाफा हुआ है. ब्रह्मोस मिसाइल की रेंज, सटीकता और ताकत इसे दुनिया के सबसे घातक हथियारों में शामिल करती है. यह मिसाइल थल सेना, नौसेना और वायुसेना तीनों में सफलतापूर्वक एकीकृत की जा चुकी है. अब ब्रह्मोस के नए और हल्के एयर-लॉन्च वर्जनों के विकास पर काम चल रहा है.