scorecardresearch
 

55 की उम्र में टूटी 24 साल पुरानी शादी, लोगों के तानों से बिखरा एक्टर, 2 साल बाद फिर लिए फेरे

55 साल की उम्र में 24 साल पुरानी शादी टूटने से आशीष विद्यार्थी बुरी तरह टूट गए थे. दूसरी शादी पर लोगों के ताने भी झेले. अब एक्टर ने अपने दर्द और जिंदगी में दोबारा खुश रहने के अधिकार पर खुलकर बात की है.

Advertisement
X
आशीष का टूटा दिल (Photo: Screengrabs)
आशीष का टूटा दिल (Photo: Screengrabs)

बॉलीवुड के दमदार एक्टर आशीष विद्यार्थी अपनी फिल्मों में भले ही खलनायक बनकर लोगों के होश उड़ाते रहे हों, लेकिन असल जिंदगी में उन्हें भी रिश्तों के टूटने का दर्द झेलना पड़ा है. एक्टर ने हाल ही में अपनी पहली शादी टूटने के बाद के मुश्किल दौर को याद किया. उन्होंने बताया कि 55 साल की उम्र में 24 साल पुराना रिश्ता खत्म होने से वह अंदर तक टूट गए थे. इतना ही नहीं, दूसरी शादी करने के फैसले पर भी लोगों ने उन्हें खूब खरी-खोटी सुनाई.

24 साल का रिश्ता टूटा तो बिखर गए थे आशीष

शुभंकर मिश्रा के साथ बातचीत में आशीष विद्यार्थी ने बताया कि पहली शादी टूटने के बाद उन्हें ऐसा लगा, जैसे जिंदगी में अब तक की सारी मेहनत और निवेश बेकार हो गया हो. उन्होंने कहा, ''जब मेरी शादी 24 साल बाद टूट गई, तो वह बेहद दर्दनाक समय था. उस वक्त मेरी उम्र करीब 55 साल थी. आपको लगता है कि आप हार गए हैं. जिस रिश्ते में आपने इतना कुछ लगाया, वह अब आपके पास नहीं है.''

एक्टर ने साफ किया कि शादी टूटने की वजह बेहद निजी थी और वह इसके बारे में सार्वजनिक तौर पर बात नहीं करना चाहते. उनके मुताबिक, यह फैसला किसी के लिए आसान नहीं था.

दूसरी शादी पर लोगों ने सुनाई खरी-खोटी

आशीष ने बताया कि पहली शादी टूटने के बाद लोगों ने उनकी जिंदगी के फैसलों पर खूब राय दी. कुछ लोगों ने उन्हें दोबारा शादी करने के बजाय लिव-इन रिलेशनशिप में रहने की सलाह दी. वहीं, कुछ लोगों का कहना था कि अब उन्हें बेटे को बड़ा होते देखना चाहिए और अपनी जिंदगी में आराम करना चाहिए.

Advertisement

इस पर आशीष ने बेहद दमदार जवाब दिया. उन्होंने कहा, ''लोगों से कहना पड़ा कि प्लीज मेरा इस्तीफा मत लिखिए.''

एक्टर ने आगे कहा कि जिंदगी में इंसान टूट सकता है, लेकिन उसे खुद को दोबारा जोड़कर आगे बढ़ने का पूरा हक है. किसी को भी दूसरे के दर्द का मजाक नहीं उड़ाना चाहिए.

'खुश रहने के लिए किसी की इजाजत की जरूरत नहीं'

आशीष ने कहा कि उम्र चाहे कोई भी हो, हर इंसान को खुश रहने का अधिकार है. उन्होंने कहा, ''मैं टूट गया हूं, लेकिन मुझे अपने टूटे हुए टुकड़ों को जोड़कर फिर से जीने का हक है. जिंदगी में हम सभी गिर सकते हैं, टूट सकते हैं, लेकिन किसी को भी किसी और के दर्द का मजाक नहीं बनाना चाहिए. खुश रहने के लिए आपको किसी की इजाजत की जरूरत नहीं है.''

बता दें कि आशीष विद्यार्थी की पहली शादी राजोशी बरुआ उर्फ पीलू से हुई थी. दोनों का एक बेटा अर्थ है. मई 2023 में आशीष ने रूपाली बरुआ से दूसरी शादी की. एक्टर ने बताया कि रूपाली के साथ घूमना, चाय पीना और बातें करना उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा है. 60 साल की उम्र में उन्हें एहसास हुआ है कि साथ और प्यार की अहमियत पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement