scorecardresearch
 

रिटायरमेंट से पहले मौत... ऑफिस में फांसी पर लटके मिले असिस्टेंट डायरेक्टर, VIDEO में सीनियर पर लगाए गंभीर आरोप

कर्नाटक के तुमकुरु में सामाजिक कल्याण विभाग के एक अधिकारी अपने दफ्तर में मृत पाए गए. मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में उन्होंने अपने सीनियर अफसर पर उत्पीड़न का आरोप लगाया, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
वीडियो में सीनियर अफसर पर लगाए गंभीर आरोप. (Photo: Representational)
वीडियो में सीनियर अफसर पर लगाए गंभीर आरोप. (Photo: Representational)

कर्नाटक के तुमकुरु से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां सामाजिक कल्याण विभाग के असिस्टेंट डायरेक्टर मल्लिकार्जुनैया जी.ई. संदिग्ध परिस्थितियों में अपने दफ्तर में मृत पाए गए. शुरुआती जांच में सामने आया है कि उन्होंने आत्महत्या की है. इस घटना ने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया.

मल्लिकार्जुनैया तुमकुरु के सामाजिक कल्याण विभाग में असिस्टेंट डायरेक्टर के पद पर थे और पावागड़ा स्थित ऑफिस में तैनात थे. रविवार को उनका शव दफ्तर के अंदर पंखे से लटका हुआ मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उनकी उम्र करीब 60 वर्ष बताई जा रही है. वे इसी महीने के अंत में रिटायर होने वाले थे.

मल्लिकार्जुनैया का मौत से पहले रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो सामने आया. इस वीडियो में उन्होंने अपने सीनियर अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने तुमकुरु के जॉइंट डायरेक्टर कृष्णप्पा पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी वजह से वे यह कदम उठा रहे हैं.

वीडियो में मल्लिकार्जुनैया भावुक होते हुए कहते हैं कि उनके परिवार- मां, पत्नी और बच्चों ने हमेशा उनका साथ दिया और उन्हें गर्व महसूस कराया. उन्होंने कहा कि वह अपने परिवार के लिए और अधिक करना चाहते थे, लेकिन अब ऐसा संभव नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि उनके इस फैसले के लिए जॉइंट डायरेक्टर कृष्णप्पा जिम्मेदार हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: ‘परिवार पर बोझ मत बनो’ सुसाइड नोट लिखकर 16 साल की छात्रा ने 14वीं मंजिल से कूदकर दे दी जान

मल्लिकार्जुनैया ने वीडियो में अपने परिवार वालों से अपील की कि वे किसी तरह का बदला लेने की कोशिश न करें. उन्होंने कहा कि कृष्णप्पा को उनके किए की सजा भगवान और कानून दोनों देंगे. इस वीडियो के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया.

पुलिस ने एक्शन लेते हुए आरोपी कृष्णप्पा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि वीडियो को अहम साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल किया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

शुरुआती जानकारी के अनुसार, हाल ही में मल्लिकार्जुनैया के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई थी. माना जा रहा है कि इस जांच के चलते उन पर मानसिक दबाव बढ़ गया था. हालांकि, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस दबाव और कथित उत्पीड़न के बीच कोई कनेक्शन है.

मल्लिकार्जुनैया के परिवार में मातम है. उनके करीबी और सहकर्मी इस घटना से स्तब्ध हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement