कर्नाटक के मैसूर में एक लोन विवाद ने सड़क पर खतरनाक रूप ले लिया. घटना में एक शख्स को चलती कार के बोनट पर लगभग 500 मीटर तक लटकते हुए देखा गया. यह पूरा मामला रोड रेज का बताया जा रहा है, जो पैसे के लेनदेन से जुड़ा हुआ था. जानकारी के अनुसार यह घटना अंडोलन सर्कल के पास स्थित सब-रजिस्ट्रार ऑफिस से शुरू होकर कुंवेम्पुनगर पुलिस स्टेशन की ओर जाने वाले रास्ते पर हुई. विवाद तब शुरू हुआ जब महादेव नाम के व्यक्ति ने धनंजय से उधार दिए गए पैसे वापस मांगे.
महादेव ने आरोप लगाया कि उसने धनंजय को पैसे उधार दिए थे और जब उसने भुगतान की मांग की तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई. यह बहस धीरे-धीरे तेज हो गई और सड़क पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई. विवाद के बाद धनंजय कथित तौर पर कार लेकर वहां से निकलने लगा. इसी दौरान महादेव ने अचानक चलती कार के बोनट पर छलांग लगा दी और कार को रोकने की कोशिश की.
लोन विवाद ने सड़क पर लिया खतरनाक मोड़
लेकिन आरोप है कि कार चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज स्पीड से गाड़ी चलाता रहा. इस दौरान महादेव कार के बोनट पर लटका रहा और लगभग 500 मीटर तक घसीटा गया. यह पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों ने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया. वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला तेजी से वायरल हो गया.
घटना का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पैसे के लेनदेन और सड़क पर हुए विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. आगे की कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी.