कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद दोनों की मौत हो गई. पुलिस के शुरुआती जांच के अनुसार, पति ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी का डॉग लीश से गला घोंटकर हत्या की और फिर उसी डॉग लीश की मदद से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मौत की असली वजह का पता लगाने में जुटी है.
यह घटना बेंगलुरु के चेन्नम्मनकेरे आच्चुकट्टू पुलिस थाना क्षेत्र की है. मृतकों की पहचान 28 वर्षीय मनोज और 28 वर्षीय स्वप्ना के रूप में हुई है. दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के रहने वाले थे. पुलिस के मुताबिक दोनों की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और वे मनोज के माता-पिता के साथ बेंगलुरु में रह रहे थे.
पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन करीब साढ़े 12 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद दोनों कमरे के अंदर चले गए और दरवाजा बंद कर लिया. घर के अन्य हिस्सों में रहने वाले लोगों और मकान मालिक को जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं दिखी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी.
बंद कमरे में मिला पति-पत्नी का शव
सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस, इंस्पेक्टर और एसीपी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया तो मनोज का शव कमरे में छत के पंखे से लटका मिला. वहीं स्वप्ना भी मृत अवस्था में मिलीं. दक्षिण बेंगलुरु के पुलिस उपायुक्त कोना वंशी कृष्णा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी. उन्होंने कहा कि दोनों उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के रहने वाले थे और बेंगलुरु में बढ़ई का काम करते थे. पुलिस के अनुसार दोनों लंबे समय से शहर में रह रहे थे.
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि डॉग लीश का इस्तेमाल दोनों घटनाओं में हुआ है. शुरुआती साक्ष्यों के आधार पर आशंका है कि पहले डॉग लीश से गला घोंटा गया और बाद में उसी लीश की मदद से फंदा लगाया गया. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह केवल प्रारंभिक जांच का हिस्सा है. पूरे घटनाक्रम की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी.
जांच के लिए सीन ऑफ क्राइम ऑफिसर की टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया है. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक मनोज बढ़ई का काम करता था, लेकिन वह पिछले चार दिनों से काम पर नहीं जा रहा था. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि पति-पत्नी के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था. पुलिस इसी पहलू की भी जांच कर रही है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारण और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सकेगी. फिलहाल इस दर्दनाक घटना ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना कैसे हुई और इसके पीछे की वास्तविक वजह क्या थी.