scorecardresearch
 

'बिस्तर से गिरने' की कहानी निकली झूठी, पोस्टमॉर्टम ने खोला 11 महीने की बच्ची की मौत का राज

बेंगलुरु में 11 महीने की बच्ची की मौत को पहले बिस्तर से गिरने का हादसा बताया गया था. लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में मामला हत्या का निकला. पुलिस के मुताबिक घरेलू विवाद के दौरान पिता ने बच्ची को उठाकर फेंक दिया था. पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मां की भूमिका की भी जांच जारी है.

Advertisement
X
हत्या का केस दर्ज, पिता गिरफ्तार मां भी बनी आरोपी.  (Photo: Sagay/ITG)
हत्या का केस दर्ज, पिता गिरफ्तार मां भी बनी आरोपी. (Photo: Sagay/ITG)

बेंगलुरु में 11 महीने की एक मासूम बच्ची की मौत का मामला चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है. शुरुआत में परिवार ने पुलिस को बताया था कि बच्ची बिस्तर से गिर गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई. इसी आधार पर पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, मेडिकल साक्ष्यों और जांच में सामने आए तथ्यों ने पूरी कहानी बदल दी. अब पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर बच्ची के पिता को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं मां को भी आरोपी बनाया गया है और उसकी भूमिका की जांच जारी है.

यह मामला बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड डिवीजन के अवलहल्ली थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक घटना पिछले महीने हुई थी. बच्ची के पिता ने शिकायत में बताया था कि उसकी पत्नी बच्ची को दूध पिलाने के बाद सो गई थी. इसी दौरान 11 महीने की बच्ची करीब दो फीट ऊंचे बिस्तर से नीचे गिर गई और घायल हो गई. परिवार उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया.

अस्पताल से सूचना मिलने के बाद यह मामला मेडिको लीगल केस के रूप में दर्ज किया गया. इसके बाद अवलहल्ली पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. जांच के दौरान जब पोस्टमॉर्टम की विस्तृत रिपोर्ट पुलिस को मिली तो कई गंभीर सवाल खड़े हो गए. रिपोर्ट में बताया गया कि बच्ची के शरीर पर कई बाहरी चोटों के निशान थे. उसके चेहरे, सीने, पैरों और निजी अंगों के पास चोटें मिलीं. इसके अलावा शरीर के अंदर भी गंभीर चोटें थीं.

Advertisement

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने बढ़ाया शक

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कई पसलियों और अन्य हड्डियों के टूटने, शरीर के अंदर भारी रक्तस्राव, गंभीर आंतरिक अंगों की चोट, शॉक और श्वसन तंत्र के फेल होने को मौत की वजह बताया गया. पुलिस का कहना है कि केवल दो फीट ऊंचे बिस्तर से गिरने पर इतनी गंभीर चोटें आना संभव नहीं था. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामले की दोबारा गहराई से जांच की. इस दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और कई लोगों के बयान दर्ज किए गए.

जांच में मिले गवाहों के बयानों से पुलिस को पता चला कि घटना वाले दिन पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था. उसी दौरान बच्ची दोनों के बीच थी और लगातार रो रही थी. व्हाइटफील्ड के डीसीपी सैदुलु अद्वैत के मुताबिक जांच में सामने आया कि घरेलू विवाद के दौरान पिता ने कथित तौर पर बच्ची को उठाकर ऊंचाई से नीचे फेंक दिया. इसी वजह से बच्ची को कई बाहरी और अंदरूनी गंभीर चोटें आईं.

पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, घटनास्थल की जांच और गवाहों के बयानों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि इन्हीं चोटों की वजह से बच्ची की मौत हुई. जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर अवलहल्ली थाने के जांच अधिकारी ने हत्या का मामला दर्ज कराने की शिकायत दी. इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) को धारा 3(5) के साथ जोड़ते हुए हत्या का मामला दर्ज किया. इसी महीने पुलिस ने बच्ची के पिता को गिरफ्तार कर लिया. अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

Advertisement

पुलिस ने इस मामले में बच्ची के पिता और मां दोनों को आरोपी बनाया है. हालांकि फिलहाल पिता की गिरफ्तारी हो चुकी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में मां की क्या भूमिका थी. जांच अधिकारियों का कहना है कि मां की भूमिका को लेकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जानकारी में यह मामला हादसा लग रहा था, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट, पोस्टमॉर्टम, घटनास्थल के निरीक्षण और गवाहों के बयानों के बाद मामला हत्या का निकला. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement