scorecardresearch
 

आखिर क्यों मोरक्को से तैरकर ही स्पेन भाग रहे हैं हजारों लोग? ये है कारण

इन दिनों स्पेन के साथ एक अजीब स्थिति पैदा हो गई है. अचानक से उसकी सीमा से सटे मोरक्को के हजारों लोग समुद्र के रास्ते तैर- तैर कर स्पेन में अवैध प्रवेश कर रहे हैं. यह पहली बार नहीं हुआ है. हर साल ऐसा होता है. ऐसे में समझते हैं कि आखिर इस अवैध घुसपैठ की वजह क्या है?

Advertisement
X
मोरक्को से हजारों लोग समुद्र के रास्ते तैरकर स्पेन के सेउटा में घुस रहे हैं. (Photo - X/@Osint613)
मोरक्को से हजारों लोग समुद्र के रास्ते तैरकर स्पेन के सेउटा में घुस रहे हैं. (Photo - X/@Osint613)

हजारों मोरक्को वासी स्पेन की सीमा लांघकर देश में अवैध रूप से घुस रहे हैं. इस वजह से स्पेन के सेउटा शहर में अजीब स्थिति पैदा हो गई है. मोरक्को के लोग स्पेन जिंदाबाद का नारा लगाते हुए समुद्र के रास्ते तैरकर स्पेन के अंदर आ रहे हैं. इन सब के बीच स्पेन के सुरक्षा गार्ड कोई जवाबी कार्रवाई नहीं कर पा रही है. सिवा ये कहने के, कि आप लोग वापस चले जाएं. 

अब स्पेन ने घोषणा की है कि मोरक्को की सीमा से सटे उसके शहर  सेउटा में व्यवस्था बहाल करने के लिए अपनी सेना तैनात करेगा. क्योंकि हजारों प्रवासी इस छोटे से स्पेनिश क्षेत्र में घुस आए हैं. इस दौरान नौ लोगों की मौत हो गई है. अब सवाल उठता है कि हर साल ऐसा क्यों होता है? क्यों मोरक्को के हजारों लोग, जिनमें युवा, बच्चे और महिलाएं भी शामिल होती हैं. एक यूरोपीय देश में घुस आते हैं. 

इसे समझने के लिए सबसे पहले स्पेन और मोरक्को की विचित्र भौगोलिक स्थिति को समझना होगा. स्पेन एक यूरोपीय देश है. जबकि, मोरक्को अफ्रीका महादेश में स्थित है. इन दोनों देश ही नहीं बल्कि महादेश के बीच समुद्र है. फिर भी कैसे मोरक्को के लोग स्पेन तक पहुंच जाते है? इस सवाल का जवाब जानने के लिए हमें अतीत में थोड़ा पीछे जाना होगा.  इसके साथ ही इन दोनों देशों की भौगोलिक स्थिति पर नजर डालनी होगी. 

Advertisement

यूरोप और अफ्रीका के बीच जिब्राल्टर स्ट्रेट के पास अफ्रीका महादेश में मोरक्को के उत्तरी तट पर स्पेनिश शहर  सेउटा स्थित है. अब सवाल उठता है कि आखिर स्पेन का विस्तार यूरोप से अफ्रीका तक कैसे हुआ. इसका जवाब इतिहास में है. सेउटा, 1580 से स्पेन के कब्जे में है. इससे पहले अफ्रीका महाद्वीप के इस इलाके पर पुर्तगाल का कब्जा था. जब पुर्तगाल और स्पेन एकजुट हुए तो सेउटा स्पेन के अधीन आ गया. तब से आजतक सेउटा स्पेन का इन्क्लेव है. 

स्पेन के अधिकार क्षेत्र में आने वाला ये शहर जमीनी तौर पर मोरक्को से सटा हुआ है. लेकिन, जमीन पर सख्त सीमाबंदी की वजह से लोग स्पेन के इस इलाके में नहीं घुस सकते हैं. वहीं जहां से मोरक्को और सेउटा की सीमा जमीन पर अलग होती है. उसके बाद समुद्र  शुरू हो जाता है. समुद्र की तरफ सेउटा के बीच खुले हुए हैं. बस समुद्र के रास्ते लोग तैर कर स्पेनिश इलाके में घुस जाते हैं. 
 
इस तरह सेउटा की भौगोलिक स्थिति देखें तो यह स्पेन की मुख्य भूमि से कटा हुआ है. लेकिन, अफ्रीका में होने की वजह से मोरक्को से जमीनी तौर पर जुड़ा है. ऐसे में लंबे समय से यूरोप पहुंचने की कोशिश करने वाले प्रवासियों के लिए एक एंट्री पॉइंट रहा है.

Advertisement

स्पेन में प्रवेश के दो रास्ते
अगर आप मैप पर सेउटा का नक्शा देखें तो मोरक्को से समुद्र के रास्ते यहां घुसने के एंट्री पॉइंट हैं. एक ताराजल बीच है, जो सेउटा के दक्षिणी छोर पर है और दूसरा बेंजू बीच के रास्ते स्पेनिश इलाके में घुस सकते हैं. 

गुरुवार को जो भीड़ सेउटा में घुसी. वो इसी ताराजल बीच से होकर अंदर आई. वायरल वीडियो फुटेज में ताराजल बीच पर बने तटबंधों के चारों ओर घूमते हुए लोगों की भीड़ दिखाई दे ही है.  जिनमें ज्यादातर मोरक्कोवासी थे. ये लोग मुख्य रूप से युवा पुरुष थे, लेकिन इनमें महिलाएं और छोटे बच्चों वाले परिवार भी शामिल थे.

हर साल मोरक्को से आता है प्रवासियों का हुजूम
सेउटा में स्पेन के सरकारी प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि गुरुवार को मची अफरा-तफरी में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई. यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया कि इतने सारे प्रवासियों को सेउटा जाने की क्या वजह है. लेकिन, यह पहली बार नहीं हो रहा है.  स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इस साल सेउटा पहुंचने की कोशिश में दर्जनों लोगों की मौत हो चुकी है।

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, मोरक्को के अधिकारियों ने इन सीमा पार करने की घटनाओं पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है, और गृह मंत्रालय ने टिप्पणी के अनुरोधों का जवाब नहीं दिया है.

Advertisement

स्पेन के आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि मोरक्को सरकार स्थिति से निपटने के लिए स्पेन के साथ सहयोग कर रही है और मोरक्को पुलिस सीमा पार करने की कोशिश कर रहे कई लोगों को रोक रही है.

आखिर मोरक्को से पलायन की वजह क्या है?
सेउटा के अधिकारियों ने मोरक्को से आने वाली इस भीड़ के पीछे की वजहों से स्पेन के सर्वोच्च न्यायालय के इस महीने के शुरुआती फैसले से जोड़ा है.  जिसमें कहा गया था कि समुद्र के रास्ते आने वाले प्रवासियों को उचित कानूनी प्रक्रिया के बिना तुरंत सीमा पार वापस नहीं भेजा जा सकता है. इसके उलट जो जमीन के रास्ते स्पेन में प्रवेश करते हैं.  उदाहरण के लिए, सीमा बाड़ पर चढ़कर आने वाले लोगों को तुरंत वापस भेज दिया जाता है. 

वहीं मोरक्को के कुछ मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने इस बात पर संदेह व्यक्त किया कि स्पेन की अदालत के इस फैसले के कारण प्रवासियों की संख्या में अचानक वृद्धि हुई है. उनका तर्क है कि अधिकांश प्रवासियों को ऐसे कानूनी फैसलों की जानकारी तक नहीं है. 

इसके पीछे ब़ी वजह यूरोप की शेंगेन प्रणाली है. क्योंकि शेंगेन क्षेत्र 29 यूरोपीय देशों में फैली खुली सीमाओं की एक प्रणाली है. इन देशों ने आधिकारिक तौर पर अपनी साझा सीमाओं पर खत्म कर दिया है. ऐसे में स्पेन उन प्रवासियों के लिए यूरोप में घुसने का पहला  दरवाजा बन जाता है. मोरक्को के लोग बेहतर आर्थिक अवसरों की तलाश में हैं या अपने गृह देशों में हिंसा से बचने के लिए स्पेन के सेउटा में घुस जाते हैं. उसके बाद बेहतर जिंदगी की तलाश में यूरोप के दूसरे देशों तक चले जाते हैं. 

Advertisement

सेउटा तक कैसे पहुंच रहे प्रवासी
उत्तरी अफ़्रीकी तट पर स्थित सेउटा पहुंचने के लिए, प्रवासी अक्सर मोरक्को के फ़्निडेक शहर से तैरकर लगभग 5 किलोमीटर की दूरी तय करते हैं और स्पेनिश क्षेत्र में पहुंचते हैं. कुछ अन्य लोग पास के शहर बेल्योनेच से पार करने का प्रयास करते हैं, जहां दूरी कम है.

सीमा पार करते लोगों के उमड़ते हुए दृश्य मई 2021 के सीमा संकट की याद दिलाते हैं. जब मात्र दो दिनों में 8,000 से अधिक प्रवासी सेउटा में आ पहुंचे थे. उस समय, मोरक्को पर सीमा नियंत्रण में ढील देने और प्रवासियों को सिउटा में प्रवेश करने की अनुमति देने का आरोप लगाया गया था.

क्योंकि स्पेन ने पोलिसारियो फ्रंट के नेता ब्राहिम ग़ाली को एक स्पेनिश अस्पताल में इलाज कराने की अनुमति दी थी, जिससे रबात और मैड्रिड के बीच राजनयिक संकट पैदा हो गया था. दशकों से, स्वतंत्रता समर्थक पोलिसारियो फ्रंट मोरक्को के साथ विवादित पश्चिमी सहारा के सहरावी लोगों का वैध प्रतिनिधि होने का दावा करता रहा है.

यानी मोरक्को की सरकार भी अपने लोगों को चुपचाप यूरोप में दाखिल होने की ढील समय बे समय दे देती है. वहीं अफ्रीका के त्रस्त लोग बेहतर जिंदगी की तलाश में स्पेन में घुसपैठ के लिए समुद्र के रास्ते टूट पड़ते हैं. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement