scorecardresearch
 

गोल्ड के झुमके खरीद रहे हैं? दोनों पर ये नंबर सेम हो तो हो सकती है गड़बड़

सोने के झुमकों की जोड़ी खरीदते समय अगर दोनों झुमकों पर अलग-अलग HUID नंबर देखकर आपको हैरानी होती है, तो यह किसी गड़बड़ी की निशानी नहीं है.

Advertisement
X
BIS का कहना है कि जोड़ी के हर आभूषण पर हॉलमार्क होना जरूरी है (Photo: AI Generated)
BIS का कहना है कि जोड़ी के हर आभूषण पर हॉलमार्क होना जरूरी है (Photo: AI Generated)

सोने के झुमके खरीदते समय आपने देखा होगा कि एक ही जोड़ी के दोनों झुमकों पर अलग-अलग HUID नंबर लिखे होते हैं. कई लोगों को लगता है कि जब दोनों झुमके एक ही जोड़ी के हैं तो नंबर भी एक जैसा होना चाहिए. लेकिन ऐसा नहीं है. भारतीय मानक ब्यूरो यानी BIS के नियमों के मुताबिक, जोड़ी में शामिल हर आभूषण पर अलग हॉलमार्क और अलग HUID नंबर होना चाहिए. इसका मकसद हर आभूषण की शुद्धता और पहचान को अलग-अलग दर्ज रखना है.

HUID क्या होता है?

HUID यानी Hallmark Unique Identification एक 6 अंकों का अल्फान्यूमेरिक नंबर होता है. यह हर हॉलमार्क किए गए आभूषण के लिए अलग और विशिष्ट होता है. यानी एक झुमके का HUID दूसरे झुमके के HUID से अलग होगा. BIS के मुताबिक, इस नंबर से आभूषण की ट्रेसबिलिटी और पहचान में मदद मिलती है. ग्राहक BIS Care ऐप में Verify HUID फीचर के जरिए इसे चेक भी कर सकता है.

जोड़ी के दोनों झुमकों पर अलग नंबर क्यों?

BIS का कहना है कि जोड़ी के हर आभूषण पर हॉलमार्क होना जरूरी है. इसकी वजह यह है कि किसी एक आभूषण को दूसरे से बदला जा सकता है. अगर दोनों पर एक ही पहचान हो, तो किसी एक पीस को बदलने की स्थिति में उसकी शुद्धता को लेकर गड़बड़ी की संभावना हो सकती है. इसलिए दोनों झुमकों की पहचान अलग रखी जाती है.

Advertisement

यानी अगर आपने 22 कैरेट सोने के झुमकों की एक जोड़ी खरीदी है, तो दोनों झुमकों पर BIS लोगो, शुद्धता और अलग-अलग HUID नंबर देखना सामान्य है. इसे देखकर परेशान होने की जरूरत नहीं है.

यह भी पढ़ें: 18 कैरेट, 22 कैरेट या 14 कैरेट? कौन सा सोना गहनों के लिए बेहतर

HUID के साथ ये चीजें भी देखें

हॉलमार्क वाले सोने के आभूषण पर तीन जरूरी निशान होते हैं- BIS लोगो, सोने की शुद्धता यानी कैरेट और फाइननेस, और 6 अंकों वाला HUID नंबर.

उदाहरण के लिए, 22 कैरेट सोने पर 916 फाइननेस लिखा हो सकता है, जबकि 18 कैरेट पर 750 और 14 कैरेट पर 585. इसलिए सिर्फ HUID ही नहीं, बल्कि कैरेट और फाइननेस की जानकारी भी जरूर जांचें.

यह भी पढ़ें: हीरा असली है या नकली? ज्वेलर्स कुछ सेकंड में कैसे पहचान लेते हैं, जानिए पूरा तरीका

HUID कैसे चेक करें?

अगर आपको किसी झुमके या दूसरे हॉलमार्क वाले सोने के गहने की जानकारी जांचनी है तो BIS Care ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसमें Verify HUID फीचर दिया गया है. इसके जरिए HUID से जुड़े विवरण और ज्वैलर की जानकारी देखी जा सकती है.

एक और जरूरी बात यह है कि HUID नंबर का बिल पर लिखा होना फिलहाल अनिवार्य नहीं है. BIS के मुताबिक, बिल में HUID नंबर दर्ज करना स्वैच्छिक है. हालांकि बिल में आभूषण का विवरण, कीमती धातु का नेट वजन, कैरेट और फाइननेस जैसी जानकारी होनी चाहिए.

Advertisement

इसलिए अगली बार झुमके की जोड़ी खरीदते समय अगर दोनों पीस पर अलग-अलग HUID नंबर दिखाई दें, तो यह कोई गलती नहीं है. बल्कि यह BIS की उस व्यवस्था का हिस्सा है, जिसमें हर आभूषण की पहचान और शुद्धता को अलग-अलग ट्रैक किया जाता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement