जमीन खरीदकर उस पर ईंट, बालू, सीमेंट और बजरी से घर खड़ा करना आज के समय में बेहद मुश्किल काम हो गया है. अगर आपके पास जमीन है और आप तुरंत उस पर रहने लायक एक घर, फार्महाउस, छोटा ऑफिस, या दुकान डेवलप करना चाह रहे हैं तो अब आप फैक्ट्री में ऑर्डर दे सकते हैं. यह झटपट बनकर तैयार हो जाएगा और आपके पास पहुंच जाएगा. फिर आप इसका जैसे चाहे इस्तेमाल कर सकते हैं. चलिए जानते हैं कैसा होता फैक्ट्री में बनने वाला ये घर?
कई बार हमें अपनी खाली पड़ी जमीन पर तुरंत और कम लागत में घर, दुकान या ऑफिस बनाने की जरूरत होती है. ऐसे में चाहकर भी कोई कान्ट्रेक्टर ईंट, सीमेंट, बालू से कंक्रीट का घर सिर्फ दो चार दिनों में तैयार नहीं कर सकता है. कंक्रीट को ठोस होने और बाकी के इंटीरियर और एक्सटीरियर वर्क में महीने भर का समय लग ही जाता है.
ऐसे में कंटेनर होम एक सस्ता विकल्प बनकर उभरा है. फैक्ट्री में बनने वाले ये छोटे घर हर सुविधा और लग्जरी से लैस होते हैं. ये देखने में सुंदर, सुविधाजनक और कम्पैक्ट होते हैं. बड़े- बड़े कंटेनरों को आपके हिसाब से अलग- अलग आकार और रूप दिया जाता है. चाहे वो फार्महाउस के लिए लग्जरी केबिन बनाना हो, या फिर सड़क किनारे छोटी दुकान डालनी हो, या फिर छत पर पेंट हाउस तैयार करना हो. या गांव- कस्बे की खाली जमीन पर तुरंत रहने लायक छोटा सा घर तैयार करना हो.
इसमें अंदर वुडेन और अन्य इंसुलेटेड कोटिंग और वायरिंग की जाती है. साथ ही बाहर से भी ऐसी वेदर कोटिंग होती है कि ठंड और गर्मी में मौसम का ज्यादा असर नहीं पड़ता है. इसमें एसी, कूलर, पंखा लगाने जैसी हर तरह की सुविधा होती है. ये कंटेनर होम, वन बीएचके, टू बीएचके और दुकान और गोडाउन हर आकार में डेवलप हो सकता है. बस आपको अपना मन चाहे आकार का ऑर्डर देना होता है.
कंटेनर होम बनाने वालों के पास कई तरह के डिजाइन और साइज उपलब्ध होते हैं. इसके अलावा आप अपने जरूरत के हिसाब से भी उन्हें डिजाइन का सुझाव दे सकते हैं. इसके अलावा एक्स्ट्रा जो भी काम करवाना हो, चाहे वो फ्लोरिंग का काम हो, या दीवार की सजावट का या सीलिंग का, वो आपको खुद से बताना होता है कि आपको कैसी सुविधा और लग्जरी चाहिए.
ऑर्डर देने के कुछ दिनों के बाद आपका कंटेनर या कैप्सूल होम तैयार हो जाता है. इसके बाद आप इसे दुकान, घर , फार्महाउस केबिन जैसा चाहें उस तरह से इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके स्पेशलिस्ट कारीगर आपकी जगह पर आकर इसे फीट भी कर देते हैं.