scorecardresearch
 

कार-बाइक के वो कौन से चालान हैं, जिनका पुलिस नहीं ले सकती जुर्माना!

ट्रैफिक नियम तोड़ने पर हर बार पुलिस मौके पर जुर्माना नहीं वसूल सकती. कुछ गंभीर मामलों जैसे शराब पीकर गाड़ी चलाना, खतरनाक ड्राइविंग, गलत दिशा में वाहन चलाना और नाबालिग द्वारा ड्राइविंग करने पर कोर्ट चालान जारी किया जाता है. ऐसे मामलों में चालक को अदालत में पेश होकर जुर्माना या सजा का सामना करना पड़ सकता है.

Advertisement
X
जानिए कौन-कौन से ट्रैफिक उल्लंघन कोर्ट चालान की श्रेणी में आते हैं. ( Photo: ITG)
जानिए कौन-कौन से ट्रैफिक उल्लंघन कोर्ट चालान की श्रेणी में आते हैं. ( Photo: ITG)

सड़क पर वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है. नियम तोड़ने पर ट्रैफिक पुलिस चालान काट सकती है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि हर चालान का जुर्माना मौके पर नहीं वसूला जा सकता. कुछ गंभीर उल्लंघनों में पुलिस सीधे जुर्माना लेने के बजाय कोर्ट चालान जारी करती है. ऐसे मामलों में वाहन चालक को अदालत में पेश होकर मामला निपटाना पड़ता है. आमतौर पर लोग समझते हैं कि चालान कटते ही पैसे जमा कर देने से मामला खत्म हो जाता है, लेकिन कई ट्रैफिक अपराध ऐसे हैं जिनमें अंतिम फैसला अदालत करती है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक सूची में कई उल्लंघनों को कोर्ट चालान की श्रेणी में रखा गया है.

क्या होता है कोर्ट चालान?
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी किए जाने वाले चालान मुख्य रूप से दो प्रकार के होते हैं. पहला कंपाउंडेबल चालान, जिसमें चालक मौके पर जुर्माना भर सकता है. दूसरा कोर्ट चालान, जिसमें पुलिस अधिकारी जुर्माना नहीं लेता और मामला अदालत में भेज दिया जाता है. इसके बाद कोर्ट ही तय करती है कि चालक को कितना जुर्माना देना होगा या कोई अन्य कार्रवाई की जाएगी. 

किन मामलों में पुलिस मौके पर जुर्माना नहीं ले सकती?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार निम्नलिखित कई उल्लंघनों में कोर्ट चालान जारी किया जाता है:

.

1. खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाना
यदि कोई व्यक्ति लापरवाही या खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है, तो मामला सीधे कोर्ट भेजा जा सकता है.

.

2. शराब पीकर वाहन चलाना
ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों को गंभीर अपराध माना जाता है. ऐसे मामलों में पुलिस मौके पर जुर्माना लेकर मामला खत्म नहीं कर सकती. 

Advertisement

3. गलत दिशा में वाहन चलाना
वन-वे सड़क पर उल्टी दिशा में वाहन चलाना या ट्रैफिक के निर्धारित प्रवाह के विपरीत चलना कोर्ट चालान की श्रेणी में आ सकता है.

 

4. स्टॉप साइन की अवहेलना
जहां रुकना अनिवार्य है वहां बिना रुके आगे बढ़ना भी गंभीर उल्लंघन माना जाता है.

.

5. गलत ओवरटेकिंग
खतरनाक तरीके से किसी वाहन को ओवरटेक करना या नियमों के विरुद्ध आगे निकलना कोर्ट चालान का कारण बन सकता है. 

6. नाबालिग द्वारा वाहन चलाना
यदि वाहन नाबालिग चला रहा हो तो मामला बेहद गंभीर माना जाता है और कोर्ट तक पहुंच सकता है.

7. फुटपाथ या साइकिल ट्रैक पर वाहन चलाना
पैदल यात्रियों या साइकिल चालकों के लिए बने रास्तों पर वाहन चलाना भी कोर्ट चालान के दायरे में आता है.

कोर्ट चालान मिलने पर क्या करें?
यदि आपको कोर्ट चालान मिला है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. चालान पर दी गई तारीख और अदालत की जानकारी ध्यान से पढ़ें. तय तारीख पर संबंधित ट्रैफिक कोर्ट में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखें. अदालत मामले की सुनवाई के बाद जुर्माना तय कर सकती है या अन्य आदेश दे सकती है.

नियमों का पालन ही सबसे बड़ा बचाव
ट्रैफिक नियम केवल जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं. हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना और शराब पीकर वाहन न चलाना न सिर्फ कानूनी जिम्मेदारी है बल्कि आपकी और दूसरों की जान की सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है. इसलिए अगली बार सड़क पर निकले तो नियमों का पालन करें, क्योंकि कुछ गलतियां ऐसी होती हैं जिनका फैसला सीधे अदालत में होता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement