घर बनाने या पुरानी पानी की टंकी बदलने की बारी आती है, तो ज्यादातर लोग एक ही सवाल में उलझ जाते हैं- 3 लेयर लें, 4 लेयर या फिर 5 लेयर वाली टंकी? दुकानदार अक्सर ज्यादा लेयर वाली टंकी खरीदने की सलाह देते हैं, लेकिन क्या ज्यादा लेयर होने का मतलब हमेशा बेहतर टंकी होता है? क्या 5 लेयर वाली टंकी ही हर घर के लिए सही है या फिर 3 या 4 लेयर वाली टंकी भी आपकी जरूरत पूरी कर सकती है?
असल में पानी की टंकी सिर्फ पानी स्टोर करने का साधन नहीं है, बल्कि यह आपके पीने के पानी की क्वालिटी, उसकी सफाई और टंकी की उम्र पर भी असर डालती है. गलत टंकी खरीदने पर पानी जल्दी गर्म हो सकता है, अंदर काई (एल्गी) जम सकती है और कुछ सालों में टंकी खराब भी हो सकती है. ऐसे में सिर्फ कीमत या लेयर की संख्या देखकर फैसला करना सही नहीं है. टंकी खरीदने से पहले यह समझना जरूरी है कि 3 लेयर, 4 लेयर और 5 लेयर वाली टंकियों में आखिर क्या फर्क होता है, किस तरह के घर के लिए कौन-सी टंकी सबसे बेहतर रहती है, कितना लीटर का टैंक लेना चाहिए और किस रंग की टंकी ज्यादा सही मानी जाती है. आइए जानते हैं क्या कहते हैं एक्सपर्ट.
सबसे पहले जानिए, टंकी में 'लेयर' होती क्या है?
पानी की टंकी एक ही प्लास्टिक की नहीं होती, बल्कि कई परतों से मिलकर बनाई जाती है. हर लेयर का अपना अलग काम होता है. कोई धूप से बचाती है, कोई टंकी को मजबूत बनाती है तो कोई पानी को लंबे समय तक साफ और सुरक्षित रखने में मदद करती है. इसी वजह से अलग-अलग लेयर वाली टंकियों की कीमत, मजबूती और परफॉर्मेंस में फर्क देखने को मिलता है. हालांकि, सिर्फ लेयर की संख्या देखकर टंकी खरीदना सही फैसला नहीं होता. यह भी देखना जरूरी है कि टंकी फूड ग्रेड प्लास्टिक से बनी है या नहीं और उसमें UV प्रोटेक्शन दिया गया है या नहीं.
आपको बता दें कि फूड ग्रेड प्लास्टिक वह सुरक्षित प्लास्टिक है जो खाने-पीने की चीजों को रखने, पैक करने या ले जाने के लिए उपयोग किया जाता है. यह भोजन में हानिकारक रसायन नहीं मिलने देता है. मुख्य सुरक्षित प्रकार एचडीपीई (HDPE), एलडीपीई (LDPE) और पॉलीप्रोपाइलीन (PP) हैं.
3 लेयर वाली टंकी किसके लिए सही है?
एक्सपर्ट बताते हैं कि 3 लेयर वाली टंकी सामान्य घरों के लिए सबसे ज्यादा पसंद की जाती है. इसकी तीनों परतें मिलकर टंकी को मजबूत बनाती हैं और पानी को सुरक्षित रखने में मदद करती हैं. इस तरह की टंकी में पानी जल्दी गर्म नहीं होता, अंदर एल्गी यानी हरी काई बनने की संभावना भी कम रहती है और इसकी मजबूती रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए पर्याप्त होती है. अगर आपकी टंकी ग्राउंड फ्लोर, पहली या दूसरी मंजिल पर लगी है या उस पर पूरे दिन तेज धूप नहीं पड़ती, तो 3 लेयर वाली टंकी आपके लिए सबसे किफायती और सही विकल्प हो सकती है.
4 लेयर वाली टंकी क्यों बेहतर मानी जाती है?
4 लेयर वाली टंकी में एक अतिरिक्त इंसुलेशन लेयर होती है, जो इसे 3 लेयर वाली टंकी से ज्यादा प्रभावी बनाती है. यह बाहर की गर्मी को काफी हद तक अंदर आने से रोकती है, जिससे पानी काफी ठंडा रहता है. साथ ही इसमें UV प्रोटेक्शन भी बेहतर होता है, इसलिए टंकी लंबे समय तक साफ रहती है. अगर आपकी टंकी छत पर खुली धूप में रखी रहती है या आप ऐसे इलाके में रहते हैं जहां गर्मियां बहुत ज्यादा पड़ती हैं, तो 4 लेयर वाली टंकी बेहतर निवेश साबित हो सकती है.
5 लेयर वाली टंकी किसके लिए है?
5 लेयर वाली टंकियां प्रीमियम कैटेगरी में आती हैं. इनमें एक्सट्रा सेफ्टी लेयर होते हैं, जो धूप और गर्मी के असर को काफी कम कर देती हैं. इसकी वजह से पानी लंबे समय तक अपेक्षाकृत ठंडा रहता है और टंकी की मजबूती भी ज्यादा होती है. ऐसे इलाके जहां साल भर तेज गर्मी पड़ती है या जहां लोग लंबे समय तक चलने वाली प्रीमियम टंकी चाहते हैं, वहां 5 लेयर वाली टंकी अच्छा विकल्प मानी जाती है. हालांकि इसकी कीमत भी सबसे ज्यादा होती है, इसलिए हर घर के लिए इसे खरीदना जरूरी नहीं है.
6 लेयर वाली टंकी किसके लिए सही है?
6 लेयर वाली पानी की टंकी उन लोगों के लिए बेहतर मानी जाती है जो लंबे समय तक चलने वाली प्रीमियम क्वालिटी की टंकी चाहते हैं. अगर आपका घर ऐसे इलाके में है जहां सालभर तेज धूप और भीषण गर्मी पड़ती है, तो 6 लेयर टंकी अच्छा विकल्प हो सकती है. इसकी अतिरिक्त परतें धूप और गर्मी के असर को कम करने में मदद करती हैं, जिससे पानी अपेक्षाकृत ठंडा रहता है और टंकी की मजबूती भी बढ़ जाती है. बड़े घरों, फार्महाउस, बंगले, कमर्शियल बिल्डिंग या ऐसी जगहों पर जहां पानी का इस्तेमाल ज्यादा होता है, वहां भी 6 लेयर टंकी उपयोगी साबित हो सकती है.
हालांकि, सिर्फ 6 लेयर होने की वजह से कोई टंकी अपने आप सबसे अच्छी नहीं हो जाती. प्लास्टिक और वॉटर स्टोरेज इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञों के मुताबिक, टंकी खरीदते समय उसकी बिल्ड क्वालिटी, फूड-ग्रेड प्लास्टिक, UV प्रोटेक्शन, वारंटी और ब्रांड पर भी ध्यान देना जरूरी है. इसलिए अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से ही फैसला लेना सबसे सही रहेगा.
टंकी का रंग भी उतना ही जरूरी है
सिर्फ लेयर ही नहीं, टंकी का रंग भी पानी की क्वालिटी पर असर डालता है. विशेषज्ञों के मुताबिक बाहर से काले और अंदर से सफेद रंग वाली टंकी सबसे बेहतर मानी जाती है. काला बाहरी हिस्सा सूरज की रोशनी को अंदर जाने से रोकता है, जिससे टंकी में एल्गी बनने की संभावना कम रहती है. वहीं सफेद अंदरूनी परत की वजह से पानी साफ दिखाई देता है और टंकी की सफाई करना भी आसान होता है.
कितने लीटर की टंकी खरीदनी चाहिए?
टंकी खरीदते समय उसकी क्षमता का सही चुनाव करना भी जरूरी है. आमतौर पर एक व्यक्ति को रोजाना 135 से 150 लीटर पानी की जरूरत होती है. ऐसे में 2 से 3 लोगों के परिवार के लिए 500 से 750 लीटर की टंकी पर्याप्त रहती है. अगर परिवार में 4 से 5 सदस्य हैं तो 1000 लीटर की टंकी बेहतर मानी जाती है, जबकि 6 से 8 लोगों के परिवार के लिए 1500 से 2000 लीटर क्षमता वाली टंकी लेना ज्यादा सही रहेगा. अगर आपके इलाके में पानी की सप्लाई नियमित नहीं होती, तो जरूरत से थोड़ी बड़ी टंकी लेना सही होगा.