scorecardresearch
 
Advertisement
इन्फॉर्मेशन

क्या सांप सच में इंसान का पीछा करते हैं? जानें कोबरा और काले सांपों से जुड़े चौंकाने वाले सच

Photo: AI
  • 1/13

भारत में सांपों को लेकर डर, रहस्य और अंधविश्वास हमेशा से लोगों के बीच मौजूद रहे हैं. गांव हो या शहर, जैसे ही कहीं सांप दिखता है लोग घबरा जाते हैं. किसी को लगता है कि हर काला सांप जहरीला होता है, तो कोई मानता है कि सांप बदला लेते हैं और इंसान का पीछा करते हैं. कई लोग यह भी कहते हैं कि सांप जमीन के नीचे छिपे खजाने की रक्षा करते हैं. लेकिन क्या ये सारी बातें सच हैं? या फिर सिर्फ फिल्मों, कहानियों और अफवाहों का असर? इन सवालों के जवाब जानने के लिए हमने वाइल्ड लाइफ संस्था वाइल्डलाइफ SOS के सीनियर प्रेस ऑफिसर और स्नेक एक्सपर्ट श्रेष्ठ पचौरी से बातचीत की. उन्होंने सांपों से जुड़े कई ऐसे सच बताए. चलिए जानते हैं.

Photo: Pexels
  • 2/13

क्या भारत में बहुत जहरीले सांप पाए जाते हैं?
भारत में करीब 300 से ज्यादा प्रजातियों के सांप पाए जाते हैं, लेकिन इनमें से बहुत कम इंसानों के लिए बेहद खतरनाक होते हैं.देश में सबसे ज्यादा स्नेक बाइट मामलों के लिए जिम्मेदार चार जहरीले सांपों को 'बिग फोर' कहा जाता है. इनमें इंडियन कोबरा, कॉमन करैत, रसेल वाइपर और सॉ-स्केल्ड वाइपर शामिल हैं. हालांकि एक्सपर्ट का कहना है कि ज्यादातर सांप जहरीले नहीं होते. लेकिन जानकारी की कमी की वजह से लोग हर सांप को खतरनाक समझ लेते हैं.
 

Photo: Pexels
  • 3/13

बारिश और गर्मी में गाड़ियों में क्यों घुस जाते हैं सांप?
अक्सर लोग कार या बाइक में सांप मिलने की खबरें सुनते हैं. दरअसल इसकी वजह बहुत साधारण है. सांप ठंडे खून वाले जीव होते हैं. यानी वे अपने शरीर का तापमान खुद नियंत्रित नहीं कर सकते. गर्मी या बरसात के मौसम में उन्हें ऐसी जगह चाहिए होती है जहां गर्माहट और सुरक्षा दोनों मिलें. कार का इंजन बंद होने के बाद भी कुछ देर तक गर्म रहता है. वहीं गाड़ी के नीचे अंधेरा और सुरक्षित माहौल होता है. यही वजह है कि कई बार सांप वहां छिप जाते हैं.
 

Advertisement
Photo: Pexels
  • 4/13

क्या सांप इंसान को देखकर हमला कर देता है?
यह सबसे बड़ा भ्रम है. एक्सपर्ट के मुताबिक, ज्यादातर सांप इंसानों से डरते हैं और उन्हें देखकर भागने की कोशिश करते हैं. सांप इंसानों को अपना शिकार नहीं मानते. वे तभी काटते हैं जब उन्हें खतरा महसूस होता है. जैसे अगर कोई उन पर पैर रख दे, उन्हें पकड़ने की कोशिश करें या मारने जाए. यानी अधिकतर मामलों में सांप का काटना दुर्घटनावश होता है, जानबूझकर नहीं.
 

Photo: Pexels
  • 5/13

हर काला सांप जहरीला नहीं होता
भारत में लोग अक्सर काले रंग के सांप को देखकर घबरा जाते हैं. लेकिन एक्सपर्ट बताते हैं कि सिर्फ रंग देखकर यह तय नहीं किया जा सकता कि सांप जहरीला है या नहीं. कई गैर-जहरीले सांप भी काले रंग के होते हैं. उदाहरण के लिए रैट स्नेक कई बार गहरे रंग का दिखाई देता है, लेकिन वह जहरीला नहीं होता. वहीं कॉमन करैत बेहद जहरीला माना जाता है. इसलिए किसी भी सांप के बारे में सिर्फ उसके रंग से फैसला करना गलत हो सकता है.

Photo: Pexels
  • 6/13

क्या कोबरा सबसे खतरनाक सांप है?
फिल्मों में कोबरा को सबसे डरावना सांप दिखाया जाता है, लेकिन एक्सपर्ट के अनुसार भारत में कुछ सांप कोबरा से भी ज्यादा खतरनाक माने जाते हैं. कॉमन करैत का जहर बहुत शक्तिशाली होता है. कई बार इसका काटना तुरंत महसूस भी नहीं होता और इंसान सोते-सोते गंभीर हालत में पहुंच सकता है. वहीं रसेल वाइपर का जहर शरीर के खून और अंदरूनी अंगों पर असर डालता है. यह भारत में बड़ी संख्या में स्नेक बाइट मामलों के लिए जिम्मेदार माना जाता है.
 

Photo: Pexels
  • 7/13

क्या सांप दूर से जहर फेंक सकता है?
भारत में पाए जाने वाले ज्यादातर सांप ऐसा नहीं कर सकते. हालांकि दुनिया में 'स्पिटिंग कोबरा' नाम की कुछ प्रजातियां हैं जो आंखों की तरफ जहर फेंक सकती हैं. लेकिन भारत में यह प्रजाति आमतौर पर नहीं पाई जाती. यहां के कोबरा काटकर ही जहर छोड़ते हैं.
 

Photo: Pexels
  • 8/13

क्या नमक डालने से सांप भाग जाता है?
सोशल मीडिया पर अक्सर ऐसे घरेलू नुस्खे वायरल होते रहते हैं कि नमक डालते ही सांप भाग जाता है. लेकिन एक्सपर्ट इसे पूरी तरह मिथक बताते हैं.
उनके अनुसार नमक का सांप पर वैसा असर नहीं होता जैसा लोग सोचते हैं. इसलिए ऐसे घरेलू उपायों पर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है.

Photo: Pexels
  • 9/13

क्या सांप सच में खजाने की रखवाली करते हैं?
भारत में वर्षों से यह कहानी सुनाई जाती रही है कि सांप जमीन में दबे खजाने की रक्षा करते हैं. लेकिन एक्सपर्ट के मुताबिक इसका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है.
असल में सांप उन जगहों पर रहते हैं जहां नमी, अंधेरा और सुरक्षित माहौल हो. पुराने खंडहर, बंद कमरे और जमीन के नीचे बने हिस्से उन्हें पसंद आते हैं. इसी वजह से लोगों ने समय के साथ ऐसी कहानियां बना ली.
 

Advertisement
Photo: Pexels
  • 10/13

बारिश में ज्यादा क्यों दिखते हैं सांप?
मानसून के दौरान सांप ज्यादा दिखाई देते हैं क्योंकि उनके बिलों में पानी भर जाता है. ऐसे में वे बाहर निकलने पर मजबूर हो जाते हैं. इसके अलावा इस मौसम में चूहे और दूसरे छोटे जीव भी ज्यादा सक्रिय रहते हैं, इसलिए सांप शिकार की तलाश में बाहर आते हैं.

Photo: Pexels
  • 11/13

अगर घर में सांप दिख जाए तो क्या करें?
एक्सपर्ट का कहना है कि सबसे पहले घबराएं नहीं. सांप से दूरी बनाकर रखें और बच्चों या पालतू जानवरों को वहां से दूर करें. सबसे जरूरी बात सांप को मारने की कोशिश बिल्कुल न करें. यही सबसे खतरनाक गलती होती है. तुरंत स्नेक रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें.
 

Photo: Pexels
  • 12/13

अगर सांप काट ले तो तुरंत क्या करें?
सांप के काटने के बाद घबराना नहीं चाहिए. काटी हुई जगह को ज्यादा हिलने न दें और तुरंत अस्पताल पहुंचे. झाड़-फूंक, टोने-टोटके या घरेलू इलाज पर भरोसा करना जानलेवा साबित हो सकता है.
 

Photo: Pexels
  • 13/13

आखिर लोग सांपों से इतना डरते क्यों हैं?
एक्सपर्ट श्रेष्ठ पचौरी के मुताबिक, डर की सबसे बड़ी वजह गलत जानकारी और अंधविश्वास हैं. फिल्मों और कहानियों ने सांपों को जरूरत से ज्यादा रहस्यमयी और खतरनाक बना दिया है. असल में सांप पर्यावरण के लिए बेहद जरूरी हैं. वे चूहों की संख्या नियंत्रित करते हैं और खेती को नुकसान से बचाते हैं. अगर सांप न हों, तो खेतों में चूहों की संख्या तेजी से बढ़ सकती है. यानी जिस सांप से लोग सबसे ज्यादा डरते हैं, वही प्रकृति का संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है.

Advertisement
Advertisement