रात का वक्त था. कांवड़ यात्रा अपने पड़ाव की ओर बढ़ रही थी. तभी एक कार और कांवड़ियों का सामना हुआ. अगले कुछ सेकेंड में एक कांवड़ खंडित हो गई. यहीं से माहौल बदल गया. आरोप है कि गुस्साए कांवड़िये कार पर टूट पड़े. शीशे चकनाचूर हो गए, गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई.
यह मामला उत्तराखंड के रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र का है. शनिवार रात हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं के एक समूह की एक कार से टक्कर हो गई. आरोप है कि टक्कर के बाद एक कांवड़ खंडित हो गई. इसके बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी. जिस कार से टक्कर हुई, उसमें भी कांवड़ यात्रा से जुड़े लोग ही सवार थे. देखते ही देखते कार पर लाठी-डंडों और हाथों से हमला शुरू हो गया.
यह भी पढ़ें: 5 करोड़ की McLaren में सवार होकर निकले भोलेनाथ! मुजफ्फरनगर में 'स्पोर्ट्स कार वाली कांवड़' ने लोगों को चौंकाया
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, पुलिस के पहुंचने से पहले ही कार को काफी नुकसान पहुंचाया जा चुका था. कुछ युवक कार के ऊपर चढ़ गए और वहां भी हंगामा करते रहे. घटना के वीडियो में भी कुछ युवक तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं. सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने किसी तरह हालात पर काबू पाया और दोनों पक्षों को शांत कराया.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तोड़फोड़ में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. घटना के बाद आरोपी युवक का माफी मांगते हुए वीडियो भी सामने आया है. हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले में कानूनी कार्रवाई सबूतों के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी.
इस पूरी घटना को लेकर सीओ मंगलौर ने फोन पर बताया कि पूरे मामले में जिन लोगों ने तोड़फोड़ की है, उनके खिलाफ केस दर्ज किए जाने की तैयारी की जा रही है. एक युवक को पकड़ा गया है. इसी के साथ अन्य आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज और वीडियो चेक किए जा रहे हैं, इन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.