
उत्तराखंड के कोटद्वार में फेसबुक कमेंट को लेकर हुए विवाद के बाद व्यापारी से बदसलूकी और गाली-गलौज के आरोप में पुलिस ने मोहम्मद दीपक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, व्यापारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है. दीपक को धारा 151 के तहत गिरफ्तार किया गया है और अब उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा. गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही व्यापारी और भाजपा संगठन से जुड़े लोग कोटद्वार कोतवाली पहुंच गए. इस दौरान नारेबाजी होने पर पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी. माहौल को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस ने कोटद्वार में फ्लैग मार्च भी किया. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
यह पूरा मामला फेसबुक पर किए गए कमेंट को लेकर शुरू हुआ था. इसके बाद मोहम्मद दीपक नाम से चर्चित दीपक कुमार एक साड़ी व्यापारी की दुकान पर पहुंचा. व्यापारी ने आरोप लगाया कि वहां उसके साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की गई तथा उसे धमकी दी गई. व्यापारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और दीपक को गिरफ्तार कर लिया.
26 जनवरी को पहली बार चर्चा में आए थे दीपक
मोहम्मद दीपक नाम की वजह से चर्चा में आए दीपक कुमार का एक वीडियो 26 जनवरी 2026 को वायरल हुआ था. उस समय वह कोटद्वार में एक बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार के समर्थन में सामने आया था. आरोप था कि कुछ लोग दुकानदार को परेशान कर रहे थे और दुकान के नाम से ‘बाबा’ शब्द हटाने का दबाव बना रहे थे. इसी दौरान जब दीपक से उसका नाम पूछा गया तो उसने अपना नाम ‘मोहम्मद दीपक’ बताया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और वह काफी चर्चा में आ गया.

वीडियो वायरल होने के कुछ दिन बाद 31 जनवरी को बजरंग दल से जुड़े लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया था. इसके बाद दीपक को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हुई. दीपक की पहचान दीपक कुमार कश्यप के रूप में बताई गई थी. वह कोटद्वार में जिम ट्रेनर के तौर पर काम करता था.
अब फिर सामने आया नया मामला
अब व्यापारी से बदसलूकी और गाली-गलौज के आरोप में गिरफ्तारी के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है. गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर व्यापारी और भाजपा संगठन से जुड़े लोग कोतवाली पहुंचे. वहां नारेबाजी के बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कोटद्वार में फ्लैग मार्च भी किया. पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. मामले की जांच जारी है और दीपक को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा.