उत्तराखंड के फेमस मोटो-व्लॉगर अनुराग डोभाल मंगलवार को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर अपनी टोयोटा फॉर्च्यूनर कार से दुर्घटनाग्रस्त हो गए. इंस्टाग्राम लाइव के दौरान लगभग 140-150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही उनकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. हजारों प्रशंसकों ने इस खौफनाक मंजर को लाइव देखा. हादसे से पहले अनुराग ने एक भावुक वीडियो में अपने माता-पिता और परिवार पर मानसिक दबाव बनाने के आरोप लगाए थे. घायल अनुराग को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां सर्जरी के बाद अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
लाइव वीडियो में छलका दर्द और फिर हादसा
हादसे से पहले यूट्यूब पर आए 2 घंटे के लाइव वीडियो में अनुराग बेहद भावुक नजर आए.उन्होंने खुलासा किया कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं. अनुराग ने आरोप लगाया कि शादी के बाद उनके परिवार के साथ रिश्ते तनावपूर्ण हो गए थे और उनके माता-पिता उनका साथ नहीं दे रहे थे. इसी मानसिक उथल-पुथल के बीच वह दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर लाइव कर रहे थे, तभी उनकी तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार हो गई.
अस्पताल में भर्ती और सर्जरी
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने अनुराग को कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया. उन्हें गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उन्हें आईसीयू (ICU) में भर्ती कर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया.
ताजा अपडेट के मुताबिक, अनुराग की सर्जरी सफल रही है और उन्हें आईसीयू से बाहर शिफ्ट कर दिया गया है. देहरादून के रहने वाले अनुराग के लाखों प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं, जबकि पुलिस तेज रफ्तार और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है.
पत्नी रितिका ने की प्रशंसकों से अपील
अनुराग की पत्नी रितिका चौहान इस कठिन समय में अस्पताल में उनके साथ मौजूद हैं. रितिका ने सोशल मीडिया के जरिए प्रशंसकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अनुराग की सलामती के लिए दुआ करें. वहीं, परिवार के अन्य सदस्यों ने इस संवेदनशील समय में अपनी निजता बनाए रखने का अनुरोध किया है. फिलहाल अनुराग की हालत में सुधार है, लेकिन उन्हें अभी कुछ दिन और डॉक्टरों की देखरेख में रहना होगा.