scorecardresearch
 

चर्चा में है PM मोदी के संसदीय क्षेत्र में बना 'अखंड' भारत माता मंदिर!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में यह मंदिर आजादी से पहले बन गया था. यह मंदिर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 'अखंड भारत' के स्वप्न को दर्शाता है और इसका उद्घाटन महात्मा गांधी ने किया था.

Advertisement
X
वाराणसी में है भारत माता मंदिर
वाराणसी में है भारत माता मंदिर

प्राचीन शहर वाराणसी में एक अनोखा 'भारत माता मंदिर' है जिसके संगमरमर पर अविभाजित भारत का नक्शा बना हुआ है. दुनियाभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित करने वाले इस शहर में स्थित यह मंदिर अक्सर श्रद्धालुओं की नजर से बच जाता है लेकिन यह विदेशी पर्यटकों का एक पसंदीदा स्थल है जो इस आध्यात्मिक शहर को देखने अक्सर आते हैं.

महात्मा गांधी ने किया था उद्घाटन

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर में स्थित इस मंदिर का निर्माण बाबू शिव प्रसाद गुप्ता ने 1918 से 1924 के बीच कराया था और इसका उद्घाटन 25 अक्तूबर, 1936 को महात्मा गांधी ने किया था.

मंदिर भवन के बीच में मकराना संगमरमर पर अफगानिस्तान, बलूचिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश, म्यामार और श्रीलंका समेत अविभाजित भारत का एक मानत्रिच बना हुआ है.

मैप की विशेषता

मैप की एक दिलचस्प विशेषता यह है कि इसमें करीब 450 पर्वत श्रृंखलाओं एवं चोटियों, मैदानों, जलाशयों, नदियों, महासागरों और पठारों समेत कई भौगोलिक ढांचों का विस्तृत नक्शा उपलब्ध है और इनकी ऊंचाई एवं गहराई उनके साथ-साथ अंकित है.

Advertisement

इस मंदिर का निर्माण दुर्गा प्रसाद खत्री के मार्गदर्शन में 30 मजदूरों एवं 25 राजमिस्त्रीयों ने किया था और उनके नाम मंदिर के कोने में एक फलक पर लिखे गए हैं.

इस 'भारत माता मंदिर' के रखरखाव का काम देखने वाले राजू सिंह ने बताया कि हर साल गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस पर इस नक्शे में दिखाए गए जलाशयों में पानी भरा जाता है और मैदानी इलाकों को फूलों से सजाया जाता है.

एक दिलचस्प तथ्य यह भी है कि 'राष्ट्रकवि' मैथिली शरण गुप्त ने इस मंदिर के उद्घाटन पर एक कविता लिखी थी. इस रचना को भी मंदिर में एक बोर्ड पर लिखकर लगाया गया है.  सिंह ने बताया कि अविभाजित भारत के दुर्लभ नक्शों में से एक को खुद में सहेजे इस मंदिर के अंदर तुरंत पुनरुद्धार कार्य शुरू करने की जरूरत है.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी 'स्मार्ट सिटी' परियोजना के लिये चुना गया है और इस मंदिर के आसपास के सौंदर्यीकरण के लिये भी धन आबंटित किया गया है.

Advertisement
Advertisement